छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश l

**प्रेस विज्ञप्ति**
**गया, दिनांक – 11 नवंबर 2026**
### छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अध्यक्ष, बिहार विधानसभा डॉ. प्रेम कुमार ने आज गयाजी के विभिन्न छठ घाटों का नगर आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ महापर्व के अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में पितामहेश्वर घाट, ब्राह्मणी घाट, देवघाट, सूर्यकुंड, सीढ़िया घाट, किरानी घाट, रामशिला कुंड, रामशिला घाट एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज घाट सहित बेलागंज विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-05 स्थित कंडी बीथो घाट तथा वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र के सूरज पोखरा घाट एवं केंदूई घाट का निरीक्षण किया गया।
डॉ. प्रेम कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पूर्व सभी घाटों की समुचित साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सुगम रास्तों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों पर पेयजल, चेंजिंग रूम, चिकित्सा सुविधा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि **छठ महापर्व हमारी आस्था, लोकसंस्कृति एवं सामाजिक समरसता का महापर्व है।** गयाजी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। इसलिए प्रशासन एवं नगर निगम की जिम्मेदारी है कि सभी घाटों पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, नगर निगम गयाजी, अनुमंडल पदाधिकारी गया सदर, कार्यपालक अभियंता नगर निगम, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, अंचल अधिकारी नगर, प्रखंड विकास पदाधिकारी गया, पुलिस पदाधिकारी एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारी सहित राजू वर्णवाल, दिलीप सिंह, राम पुकार सिंह, विनय सिंह, भगत सिंह, संतोष सिंह, पूर्व वार्ड पार्षद संतोष कुमार, राजेश मस्तान, शिवनारायण चंद्रवंशी, राजनंदन गांधी, मोहन राय शर्मा, कुणाल कुमार, सरजू रजक, मुन्ना पाठक, बिल्लू चंद्रवंशी, विनय जैन, दीनानाथ प्रसाद, कारू मांझी, सूरज देव चंद्रवंशी, ऋषभ राज, संजय रविदास, विनीत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर -त्रिलोकी नाथ गयाजी बिहार
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







