सकरबासा काली पूजा मेला में भोजपुरी स्टार गायिका निशा उपाध्याय की होगी शानदार प्रस्तुति, अंतिम रात सजेगी संगीत की महफिल

सकरबासा काली पूजा मेला में भोजपुरी स्टार गायिका निशा उपाध्याय की होगी शानदार प्रस्तुति, अंतिम रात सजेगी संगीत की महफिल
1977 से ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित हो रहा ऐतिहासिक मेला, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और 100 से अधिक ग्रामीण गार्ड तैनात
चेरिया बरियारपुर (बेगूसराय)। सकरबासा पंचायत के तीनगच्छा चौक पर आयोजित काली पूजा मेला को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मेले की अंतिम रात्रि में भोजपुरी की मशहूर स्टार गायिका निशा उपाध्याय अपनी शानदार प्रस्तुति देंगी। इसको लेकर काली पूजा मेला समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भोजपुरी गायिका के कार्यक्रम को लेकर दर्शकों एवं संगीत प्रेमियों में विशेष उत्साह है।
मेला समिति के सदस्यों ने बताया कि सकरबासा का यह मेला वर्ष 1977 से लगातार ग्रामीणों के सहयोग और आपसी सहभागिता से आयोजित किया जा रहा है। एक सुदूर ग्रामीण इलाके में शुरू हुआ यह मेला आज क्षेत्र की पहचान बन चुका है। प्रत्येक वर्ष दीपावली पूजा के अगले दिन से मेले का शुभारंभ किया जाता है। इस दौरान माता काली की पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
मेले में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर मां काली के दर्शन करते हैं और परिवार के साथ मेले का आनंद उठाते हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरण एवं भक्ति संगीत का आयोजन किया गया है। समिति की ओर से इस वर्ष पिछले वर्षों की अपेक्षा कुछ विशेष आकर्षण भी जोड़े गए हैं।
बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्था
मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। इनमें टावर झूला, ब्रेक डांस, डायनासोर झूला, रेल झूला सहित कई आकर्षक मनोरंजन के साधन शामिल हैं। वहीं मेले में मिठाई की दुकानें, महिलाओं के लिए श्रृंगार प्रसाधन की दुकानें तथा घरेलू उपयोग एवं अन्य सामानों की दुकानें भी सजाई गई हैं। इससे मेले में आने वाले लोगों को मनोरंजन के साथ खरीदारी का भी अवसर मिल रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समिति सतर्क
मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। चेरिया बरियारपुर थाना प्रभारी ज्योति कुमार बसु की मौजूदगी में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा समिति की ओर से 100 से अधिक ग्रामीण गार्ड भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं।
मेला समिति ने स्पष्ट किया है कि मेले में शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। समिति के सदस्य लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि श्रद्धालु और दर्शक सुरक्षित माहौल में मेले का आनंद उठा सकें।
ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से लगभग पांच दशकों से आयोजित हो रहा सकरबासा का यह काली पूजा मेला आज केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक एकता, भाईचारे और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक बन गया है। अंतिम रात्रि में भोजपुरी स्टार गायिका निशा उपाध्याय की प्रस्तुति इस वर्ष के मेले का मुख्य आकर्षण रहने वाली है।
ग्राउंड रिपोर्ट: अरुण साह
फोकस बिहार न्यूज, बेगूसराय
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







