मोहनिया में गुड़ फैक्ट्री पर प्रशासन की छापेमारी, 250 बोरी गुड़ जब्त

मोहनिया में गुड़ फैक्ट्री पर प्रशासन की छापेमारी, 250 बोरी गुड़ जब्त
मिठाई बनाने के एक्सपायर लाइसेंस पर हो रहा था गुड़ का उत्पादन, गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी उजागर
मोहनिया (कैमूर)। छठ महापर्व को लेकर बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत मोहनिया थाना क्षेत्र के बेलौड़ी गांव में संचालित एक गुड़ फैक्ट्री में प्रशासनिक टीम ने अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान फैक्ट्री में कई अनियमितताएं सामने आईं। मौके से करीब 250 बोरी गुड़ जब्त कर सीज कर दिया गया।
छापेमारी मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी की संयुक्त टीम ने की। जांच में फैक्ट्री की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने की बात भी सामने आई।
लाइसेंस में मिली गंभीर अनियमितता
जांच के दौरान सबसे महत्वपूर्ण मामला फैक्ट्री के लाइसेंस से जुड़ा सामने आया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार, संचालक के पास गुड़ निर्माण का वैध लाइसेंस नहीं था। वह मिठाई निर्माण के लाइसेंस पर गुड़ तैयार कर रहा था, जबकि संबंधित लाइसेंस की वैधता भी समाप्त हो चुकी थी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर फैक्ट्री की जांच की गई थी। एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी के मुताबिक, पिछली जांच की तुलना में सफाई व्यवस्था में कुछ सुधार जरूर दिखाई दिया, लेकिन खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप कई कमियां अब भी मौजूद थीं।
गुड़ के नमूने जांच के लिए भेजे गए
कार्रवाई के दौरान टीम ने फैक्ट्री में तैयार पीले गुड़ और बिक्री के लिए रखे गए गुड़ के नमूने संग्रहित किए। इन नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, 45-45 किलोग्राम की लगभग 250 बोरियों को जब्त कर सील कर दिया गया।
छठ के प्रसाद की गुणवत्ता पर उठे सवाल
गौरतलब है कि छठ महापर्व के दौरान ठेकुआ सहित कई पारंपरिक प्रसाद तैयार करने में गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में गुड़ निर्माण की प्रक्रिया में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आने से बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि, जब्त गुड़ में मिलावट या किसी हानिकारक पदार्थ की मौजूदगी की अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसकी वास्तविक स्थिति प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को आगामी छठ पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी से जोड़कर देखा जा रहा है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







