पीहर में बेटी का शाही स्वागत, डीजे की धुन पर निकली भव्य अभिनंदन रैली ## रेटा की नवनिर्वाचित सरपंच मीना कुमावत का मऊ गांव में ग्रामीणों ने किया ऐतिहासिक स्वागत, शॉल ओढ़ाकर और साफा प

# पीहर में बेटी का शाही स्वागत, डीजे की धुन पर निकली भव्य अभिनंदन रैली
## रेटा की नवनिर्वाचित सरपंच मीना कुमावत का मऊ गांव में ग्रामीणों ने किया ऐतिहासिक स्वागत, शॉल ओढ़ाकर और साफा पहनाकर किया सम्मानित
**मऊ।** श्रीमाधोपुर तहसील के निकटवर्ती ग्राम मऊ की बेटी मीना कुमावत के ग्राम पंचायत रेटा (दातारामगढ़) की नवनिर्वाचित सरपंच बनने पर उनके पीहर मऊ गांव में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। बेटी की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने डीजे की धुनों के साथ भव्य स्वागत रैली निकालकर अपनी लाडली बेटी का जगह-जगह पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
ग्रामवासी राकेश शर्मा ने बताया कि मऊ गांव के वार्ड नंबर 2 निवासी बद्री कुमावत की पौत्री एवं सुरेश कुमावत की सुपुत्री मीना कुमावत ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और जनसेवा की भावना के बल पर ग्राम पंचायत रेटा में सरपंच पद की जिम्मेदारी हासिल कर पीहर और ससुराल दोनों का नाम रोशन किया है। इसी खुशी में ग्रामीणों की ओर से उनके सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया।
स्वागत रैली बस स्टैंड से रवाना होकर जगाती चौक, चौपाटी, बाबा वाला, हीरामल मंदिर, गोपीनाथ मंदिर, तिवाड़ी मोहल्ला, वर्मा कॉलोनी होते हुए कुमावत कॉलोनी पहुंची। रैली के दौरान गांव के मुख्य मार्गों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर मीना कुमावत का स्वागत किया। जगह-जगह आतिशबाजी की गई तथा ग्रामीणों ने माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और साफा बांधकर सम्मानित किया। कुमावत समाज की ओर से मीना कुमावत को लड्डुओं से तोला गया, वहीं नागर तिवाड़ी परिवार की ओर से केलों से तोलकर अभिनंदन किया गया।
अध्यापक प्रकाशचंद कुमावत ने बताया कि इस अवसर पर मीना कुमावत के पिता सुरेश कुमावत का भी ग्रामीणों की ओर से सम्मान किया गया। मऊ सरपंच रामू सिंह शेखावत, उपसरपंच गोपीराम यादव, पप्पू ठेकेदार, भूधर मल कुमावत, बंशीधर कुमावत, सांवर मल शर्मा, पवन तिवाड़ी, हरिपाल मीणा, मोहन कुमावत, सोनू नायक, देवीलाल, श्रवण स्वामी, राजेंद्र स्वामी, रोहित कुमार, तेजपाल सिंह शेखावत टीम, महेश सैन टीम, राजकुमार वर्मा सहित अनेक ग्रामीणों ने साफा पहनाकर, 1100 एवं 2100 रुपये की मालाएं पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और श्रीफल भेंट कर सम्मान व्यक्त किया।
समारोह में गांव की माताओं एवं बहनों ने मंगल गीत गाकर खुशी जाहिर की तथा बेटी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पीहर पक्ष के साथ ससुराल पक्ष के कार्यकर्ता, परिवारजन, रिश्तेदार एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी इस गौरवपूर्ण अवसर के साक्षी बने।
राजस्थानी कवि सांवर मल कुमावत ने कहा कि आज बेटियां प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, मेहनत और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। मीना कुमावत का सरपंच बनना मऊ गांव ही नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज के लिए गर्व और गौरव का विषय है। उनकी सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच मीना कुमावत ने ग्रामीणों के स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सरपंच के रूप में ग्राम पंचायत रेटा में विकास कार्यों, शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई।
**बेटी की सफलता पर पीहर में उमड़ा यह स्नेह और सम्मान इस बात का प्रतीक बना कि बेटियां केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव और समाज का गौरव होती हैं।**
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







