सामाजिक सुरक्षा पेंशन के वार्षिक सत्यापन के लिए जन आधार में आय विवरण अपडेट होना आवश्यक

दिनांक 14/11/2026 वार शनिवार
सामान्य पेंशनधारियों के लिए 48 हजार तथा दिव्यांग पेंशनधारियों के लिए 60 हजार रुपए वार्षिक आय की सीमा निर्धारित
। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत वृद्धावस्था, विधवा, एकल नारी एवं दिव्यांग पेंशन प्राप्त कर रहे लाभार्थियों के वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। नवीन दिशा-निर्देशों के अनुसार पेंशन सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए संबंधित लाभार्थियों के जन आधार कार्ड में परिवार की वार्षिक आय का विवरण अपडेट होना आवश्यक है।
इस संबंध में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री विक्रम सिंह ने बताया कि समस्त पेंशनधारियों को सूचित किया गया है कि सभी लाभार्थियों के लिए नए सिरे से आय प्रमाण पत्र बनवाना अनिवार्य नहीं है। केवल उन्हीं पेंशनधारियों को यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिनके जन आधार कार्ड में परिवार की वार्षिक आय का विवरण अपडेट नहीं है अथवा आय संबंधी दस्तावेजों की आवश्यकता है। ऐसे लाभार्थियों को निर्धारित आय सीमा के अनुसार परिवार का आय प्रमाण पत्र बनवाकर जन आधार में आय का विवरण अपडेट करवाना होगा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सामान्य पेंशनधारियों के लिए परिवार की वार्षिक आय अधिकतम 48 हजार रुपए तथा दिव्यांग पेंशनधारियों के लिए अधिकतम 60 हजार रुपए निर्धारित है। जन आधार में आय संबंधी विवरण अपडेट होने के बाद ही संबंधित पात्र लाभार्थी का पेंशन सत्यापन एवं जीवित प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी।
नई व्यवस्था के तहत पेंशन सत्यापन दो स्तरों पर किया जाएगा। प्रथम स्तर पर ग्राम पंचायत में ग्राम विकास अधिकारी (ग्राम सेवक) द्वारा पेंशनधारी की जानकारी एवं उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद प्रकरण पंचायत समिति स्तर पर भेजा जाएगा, जहां संबंधित अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों एवं सूचनाओं का पुनः परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा।
अतः समस्त पेंशनधारियों से अपील है कि वे समय रहते अपने जन आधार कार्ड में परिवार की वार्षिक आय संबंधी विवरण की जांच कर लें। जिन लाभार्थियों के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाकर अपडेट करवाना आवश्यक है, वे निर्धारित आय सीमा के अनुसार प्रमाण पत्र बनवाकर जन आधार में आय का विवरण अपडेट करवाएं, ताकि वार्षिक पेंशन सत्यापन एवं जीवित प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो तथा पेंशन भुगतान निर्बाध रूप से जारी रह सके
रिपोर्टर भूपेश नागर
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






