बरिष्ट पत्रकार मिथलेश जैन ने अतिक्रमण, कचरा प्रबंधन, शापिंग, काम्प्लेक्स एवं जन्म मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था पर उठाये गंभीर सवाल

कटनी। नगर निगम परिषद की स्थगित बैठक में आज नियम 17 के तहत पार्षदों द्वारा लगाए गए प्रश्नों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान कई मुद्दों पर तीखे सवाल-जवाब देखने को मिले। वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों से जवाब के साथ साथ व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
बैठक में मिथलेश जैन ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा अगस्त माह में अतिक्रमण विभाग की गतिविधियों को लेकर लगाया गया प्रश्न चर्चा में शामिल नहीं किया गया और न ही उसका जवाब दिया गया। इस पर अध्यक्ष की व्यवस्था के बाद महापौर ने आश्वस्त किया कि उक्त प्रश्न को आगामी बैठक में शामिल किया जाएगा।
पार्षद मिथलेश जैन के पत्र के आधार पर शहर में कचरा संग्रहण एवं निष्पादन का कार्य कर रही कटनी एमएसडब्ल्यू कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर चर्चा हुई। मिथलेश जैन ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा कचरा संग्रहण का कार्य व्यवस्थित तरीके से नहीं किया जा रहा है। कंपनी के वाहन कंडम स्थिति में पहुंच चुके हैं, नए वाहन नहीं खरीदे जा रहे और शहर में पर्याप्त कचरा दान भी नहीं रखे जा रहे हैं। इसके साथ ही कचरे का निष्पादन भी निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप नहीं हो रहा है।
अध्यक्ष के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त ने जवाब देते हुए स्वीकार किया कि कटनी एमएसडब्ल्यू द्वारा कार्य सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। आयुक्त ने जानकारी दी कि कंपनी को ठेका समाप्ति के संबंध में नोटिस भी जारी किया गया है। इस पर मिथलेश जैन ने सदन में स्पष्ट मांग रखी कि कंपनी का ठेका तत्काल समाप्त किया जाए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार हो सके।
रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का मुद्दा भी बैठक में चर्चा का विषय रहा। चर्चा के दौरान सामने आया कि इस मामले में उच्च न्यायालय के आदेश पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा स्थगन (स्टे) दिया गया है। न्यायिक प्रक्रिया के चलते फिलहाल इस विषय पर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका।
योजना क्रमांक 17 के संबंध में हुई चर्चा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भूमि अर्जन से संबंधित समस्त तथ्यों और दस्तावेजों के साथ आगामी परिषद बैठक में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की जाए, ताकि विषय पर स्पष्टता के साथ निर्णय लिया जा सके।
नगर निगम के जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण विभाग की कार्यप्रणाली पर भी वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की नियुक्ति गलत तरीके से की गई है तथा शासन के निर्देशों के विपरीत आवेदन पत्र लिए जा रहे।
इस मामले में परिषद अध्यक्ष ने व्यवस्था देते हुए निर्देशित किया कि जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से संबंधित समस्त कार्यवाही शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उठे इन मुद्दों से स्पष्ट हुआ कि नगर निगम की सफाई व्यवस्था, विभागीय कार्यप्रणाली और लंबित प्रशासनिक मामलों को लेकर पार्षदों ने सदन में जवाबदेही की मांग तेज कर दी है। अब देखना होगा कि आगामी परिषद बैठक तक संबंधित क्या प्रकिया की जाती है।
कटनी ब्यूरो चीफ सुरेन्द्र कुमार शर्मा
नित नई खबर एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







