जनगणना-2027: महराजगंज में स्व-गणना अभियान शुरू, पहले दिन 379 लोगों ने भरी अपनी जानकारी
30 नवंबर तक चलेगा अभियान, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने भी पूरी की स्व-गणना; जनप्रतिनिधियों ने लोगों से की भागीदारी की अपील
महराजगंज। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत सोमवार से जिले में स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई। 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में नागरिक ऑनलाइन माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकेंगे। अभियान के पहले दिन सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने भी अपनी स्व-गणना पूरी की।
विधायक के कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके अलावा सिसवा नगर पालिका की अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्व-गणना में सहभागिता की।
इस मौके पर सदर विधायक ने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक सरकार को सही और बेहतर नीतियों के निर्माण में सहयोग दे सकते हैं। प्रक्रिया बेहद सरल है। कहीं कोई परेशानी होने पर लोग प्रगणकों की मदद ले सकते हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
स्व-गणना को लेकर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। नगर निकायों में कूड़ा संग्रहण वाहनों पर बैनर और पोस्टर लगाकर प्रचार किया जा रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम सचिवालयों, पंचायत भवनों और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से लोगों को स्व-गणना में सहयोग दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार, सोमवार शाम चार बजे तक जनपद में कुल 379 लोगों ने स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर ली थी। प्रशासन ने लोगों से 30 नवंबर तक अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।