माननीय प्रधानमंत्री द्वारा भागलपुर जिले से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास*

*माननीय प्रधानमंत्री द्वारा भागलपुर जिले से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास*
रिपोर्टर साहिल राज आगाज टाइम
आज दिनांक 21 नवम्बर 2026 को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग/लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर भागलपुर जिले से संबंधित ऊर्जा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की महत्वपूर्ण योजनाएं भी शामिल रहीं।
जिले में आधारभूत संरचना के विकास, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने, उच्च शिक्षा की सुविधाओं के विस्तार तथा स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा महत्वपूर्ण योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं से आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्र के औद्योगिक विकास को व्यापक लाभ मिलेगा।
1. *ऊर्जा विभाग की योजनाएं*
(क) *पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्लांट से विद्युत निकासी हेतु संचरण परियोजना*
पीरपैंती में प्रस्तावित 3×800 मेगावाट सुपर थर्मल पावर प्लांट से उत्पादित विद्युत की निकासी हेतु अंतरराज्यीय संचरण परियोजना पर 3,363.01 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित है। इस परियोजना के माध्यम से लगभग 2,400 मेगावाट विद्युत शक्ति को बिहार के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक संचरण आधारभूत संरचना विकसित की जाएगी।
इससे राज्य के लगभग एक करोड़ परिवारों की ऊर्जा मांग की पूर्ति में सहायता मिलेगी। साथ ही, पावर प्लांट में लगभग 26,500 करोड़ रुपये के निवेश से क्षेत्र में लगभग 10,000 से 12,000 निर्माण संबंधी रोजगार तथा करीब 3,000 स्थायी रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
(ख) *कहलगांव ग्रिड उपकेंद्र में दो 33 केवी फीडर का निर्माण*
कहलगांव ग्रिड उपकेंद्र में दो 33 केवी फीडर के निर्माण पर 2.87 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके माध्यम से निर्माणाधीन 33 केवी राजगांव (बरमसिया) पावर सब-स्टेशन को जोड़ा जाएगा, जिससे लगभग 16,000 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, दूसरे 33 केवी फीडर को वैकल्पिक विद्युत स्रोत के रूप में पीरपैंती पावर सब-स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इससे लगभग 40,000 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा तथा संबंधित क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध रहेगा।
1. *उच्च शिक्षा विभाग की योजना*
भागलपुर में शैक्षणिक भवन (साइंस ब्लॉक) का निर्माण
भागलपुर में शैक्षणिक भवन (साइंस ब्लॉक) के निर्माण हेतु 3.71 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित है। इस भवन के निर्माण से कॉलेज के विद्यार्थियों को नई विज्ञान प्रयोगशालाएं एवं कक्षाएं उपलब्ध होंगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
3. *नगर विकास एवं आवास विभाग की योजना*
कहलगांव में इंटरसेप्शन एंड डायवर्जन (I&D) एवं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निर्माण
कहलगांव में इंटरसेप्शन एंड डायवर्जन (I&D) तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण हेतु 45.99 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित है। इस परियोजना के अंतर्गत 6 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया गया है।
इस परियोजना के पूर्ण होने से नगर का सीवेज गंगा नदी में सीधे प्रवाहित होना बंद होगा। सीवेज के जल का उपचार कर प्रवाहित किए जाने से गंगा नदी की स्वच्छता, जल गुणवत्ता में सुधार तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
*विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*
उक्त सभी योजनाओं के क्रियान्वयन से भागलपुर जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, शैक्षणिक सुविधाओं एवं शहरी आधारभूत संरचना का विकास होगा। साथ ही रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं तथा गंगा नदी के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल होगी।
कार्यक्रम के दौरान उद्घोषक द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके पश्चात माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा संबोधन किया गया। अंत में उप विकास आयुक्त, भागलपुर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
इन योजनाओं के माध्यम से भागलपुर जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी तथा आम नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।
ज़िला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#CMSamrat
#samratchoudhary
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







