सन्हौला में फंदे से लटका मिला 21 वर्षीय युवक का शव, भोज खाकर घर लौटा था अभिषेक, प्रेम विवाह की चल रही थी तैयारी, पिता ने बताया पहले भी कर चुका था आत्महत्या का प्रयास
रिपोर्ट – साहिल राज आगाज टाइम
भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड अंतर्गत अमडंडा थाना क्षेत्र के रानी बमिया गांव में शुक्रवार की देर शाम एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रानी बमिया गांव निवासी राजेश सिंह के पुत्र अभिषेक कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। घर में प्रेम विवाह की तैयारियां चल रही थीं और खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया।
– भोज से लौटने के बाद कमरे में मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच अभिषेक गांव में आयोजित एक भोज कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौटा था। घर लौटने के कुछ देर बाद वह कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए सन्हौला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अमडंडा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शनिवार की सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया।
– प्रेम विवाह के लिए परिवार भी था राजी
घटना से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अभिषेक प्रेम विवाह करना चाहता था और उसके माता-पिता भी इस रिश्ते के लिए सहमत थे। बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले ही शादी तय हुई थी। घर में विवाह की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही थीं। ऐसे में युवक की अचानक मौत से परिजनों और ग्रामीणों में शोक व हैरानी का माहौल है।
– पिता ने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की बात कही
अमडंडा थानाध्यक्ष विशाल कुमार के अनुसार, मृतक के पिता ने बताया है कि अभिषेक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और वह पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुका था। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
– नोट: घटना की परिस्थितियों और मौत के कारणों को लेकर पुलिस जांच जारी है।#Aagaz time #BreakingNews #vairalpost #trendingpost #BhagalpurNews #BiharNews #viralnews #BhagalpurPolice #BiharPolice #hilights #socialmedia #nanfollowers #Sahnoula #Amadandaथाना #Bhagalpur #BhagalpurNews #BiharNews #RaniBamiya #AbhishekKumar #सन्हौला #अमडंडा #भागलपुरसमाचार