निचलौल तहसील में विधायक, डीएम और एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की सख्त हिदायत –
निचलौल/महराजगंज। जनसमस्याओं के त्वरित और निष्पक्ष समाधान को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई।
तहसील निचलौल के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
डीएम और एसपी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केवल कागजी कार्रवाई के बजाय मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने वाला समाधान उपलब्ध कराया जाए। वहीं भूमि विवाद और राजस्व-पुलिस से जुड़े मामलों में विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश दिए गए।
ऐसे प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान करना है।
संपूर्ण समाधान दिवस इसी उद्देश्य से आयोजित किया जाता है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। इस दौरान उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी निचलौल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।