भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मानव तस्करी, बाल श्रम और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने के लिए सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने चलाया जागरूकता अभियान


कोल्हुई – मानव तस्करी, बाल श्रम और बाल विवाह के खिलाफ SSB की मुहिम, सैकड़ों छात्र-छात्राओं को मदर मरियम ग्लोबल स्कूल में किया गया जागरूक –
नौकरी का झांसा देकर होती है मानव तस्करी, SSB कमांडेंट ने बच्चों को किया सतर्क –
बाल मजदूरी और बाल विवाह के खिलाफ SSB की मुहिम, स्कूल में बच्चों को बताए सुरक्षा के उपाय –
कोल्हुई/ महराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मानव तस्करी, बाल श्रम और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने के लिए सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने जागरूकता अभियान चलाया। कोल्हुई थाना क्षेत्र के खरहरवा स्थित #मदर मरियम ग्लोबल स्कूल में 66वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं को इन गंभीर सामाजिक अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर इंजीनियर समीर अधमी द्वारा कमांडेंट के स्वागत के साथ हुआ। इस दौरान कमांडेंट जगदीश प्रसाद ने विद्यार्थियों को मानव तस्करी के खतरों से अवगत कराते हुए बताया कि किस तरह नौकरी और बेहतर भविष्य का झांसा देकर बच्चों एवं महिलाओं को तस्करी का शिकार बनाया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगाह किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल माता-पिता, शिक्षकों, SSB या पुलिस को सूचना दें।
बाल श्रम के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराना अपराध है। हर बच्चे का अधिकार है कि वह स्कूल जाए, पढ़ाई करे और अपना बचपन सुरक्षित तरीके से जिए। कहीं भी किसी बच्चे से बाल मजदूरी कराई जाती दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को जरूर दें।
कार्यक्रम में बाल विवाह और महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। कमांडेंट ने बालिकाओं को शिक्षा, आत्मरक्षा और अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर अपने सपनों को पूरा करना चाहिए। इस दौरान आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
कमांडेंट जगदीश प्रसाद ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मानव तस्करी, बाल श्रम और बाल विवाह जैसी समस्याओं की रोकथाम के लिए बच्चों और आम लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। SSB लगातार ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का प्रयास कर रही है।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक इं. समीर अधमी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर, सफल और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय परिसर में शूटिंग रेंज स्थापित करने की भावी योजना भी साझा की।
विद्यार्थियों ने कार्यक्रम से मिली महत्वपूर्ण जानकारियों को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से SSB ने स्पष्ट संदेश दिया कि बच्चों का बचपन सुरक्षित रखना, बालिकाओं को सशक्त बनाना और मानव तस्करी जैसी घटनाओं को रोकना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या हर्षलता शर्मा, उपप्रधानाचार्य अमित अग्रवाल, समन्वयक अभिषेक चौधरी, राणा प्रताप यादव, अमित विश्वकर्मा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







