‘नौनिहालों की थाली पर डाका और खाकी-सफेदपोश गठजोड़ का पर्दाफाश ” पीएम पोषण योजना में ‘घूस का पोषण’ : जब रक्षक ही बन जाएं भक्षक,

लेखक : विजय कुमार, वरिष्ठ पत्रकार
22 नवंबर 2026,
बिहार में प्रशासनिक व्यवस्था के भीतर भ्रष्टाचार की जड़ें किस कदर गहरी हो चुकी हैं, इसका ताजा और वीभत्स उदाहरण भागलपुर में देखने को मिला।
जिस 'पीएम पोषण योजना' का प्राथमिक उद्देश्य करोड़ों गरीब बच्चों को कुपोषण से बचाना और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है, उसी योजना के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) मनोज कुमार सिंह को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 1 लाख 10 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथ दबोचा है।
यह गिरफ्तारी सिर्फ एक घूसखोर अधिकारी के पकड़े जाने भर की घटना नहीं है, बल्कि सरकारी तंत्र के उस सड़ चुके हिस्से का एक्सरे है जहाँ न्याय और जांच की आड़ में सौदेबाजी होती है।
जांच का खेल और क्लीन चिट का सौदा :
घटनाक्रम पर गौर करें तो इस पूरे मामले में व्यवस्था का असली चेहरा उजागर होता है। एक प्रखंड साधन सेवी पर अवैध निकासी का आरोप लगता है, जिलाधिकारी के आदेश पर स्पष्टीकरण मांगा जाता है, और फिर शुरू होता है दोषमुक्ति का गोरखधंधा। आरोपी अधिकारी ने जांच रिपोर्ट में 'क्लीन चिट' देने और निर्दोष साबित करने के लिए ही सवा लाख से अधिक की मांग रखी थी।
यानी जांच निष्पक्षता के लिए नहीं, बल्कि उगाही का हथियार बनकर रह गई थी।
यदि निगरानी विभाग ने समय रहते जाल न बिछाया होता, तो फाइल पर 'सब ठीक है' का ठप्पा लग जाता और सिस्टम अपनी सामान्य रफ्तार से चलता रहता।
आंकड़ों की भयावहता:
हर तीसरे दिन एक घूसखोर का शिकार,
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा जारी किए गए आंकड़े स्वयं चीख-चीख कर कह रहे हैं कि घूसखोरी अब कोई अपवाद नहीं, बल्कि सामान्य कार्यप्रणाली बन चुकी है।
वर्ष 2026 में निगरानी ब्यूरो का यह 124वां ट्रैप केस है और अब तक 123 भ्रष्ट अधिकारी व कर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
करीब 47 लाख रुपये की नकद बरामदगी और घरेलू सामानों की रिश्वत इस बात का प्रमाण है कि बाबू से लेकर जिला स्तर के हाकिमों तक किसी को भी कानून का डर नहीं रहा।
जवाबदेही कब तय होगी?
सवाल उठता है कि जब एक जिला स्तरीय प्रबंधक अपने ही मातहत से खुलेआम दफ्तर में बैठकर घूस ले रहा है, तो योजना के तहत बंटने वाले खाद्यान्न और करोड़ों के बजट की क्या स्थिति होगी?
मिड-डे मील में कीड़े निकलने, घटिया भोजन परोसे जाने और फर्जी हाजिरी के नाम पर होने वाले घोटालों की असल जड़ यही अफसरशाही है, जो अपनी जेबें भरने में मस्त है।
सिर्फ रंगे हाथ पकड़ना और जेल भेजना ही इस मर्ज की दवा नहीं है। जब तक घूसखोरों की अवैध संपत्तियों की त्वरित जब्ती और सेवा से तत्काल बर्खास्तगी का कड़ा संदेश नहीं जाएगा, तब तक ऐसे 'मनोज कुमार सिंह' सरकारी कुर्सियों पर बैठकर बच्चों के भविष्य का सौदा करते रहेंगे।
सरकार को यह समझना होगा कि भ्रष्टाचार पर 'जीरो टॉलरेंस' बयानों में नहीं, बल्कि व्यवस्थागत सफाई और भयमुक्त निगरानी से ही संभव है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







