वर्षा से प्रभावित फसलों का राजस्व एवं कृषि विभाग संयुक्त सर्वे कर प्रस्तुत करें प्रतिवेदन : कलेक्टर

वर्षा से प्रभावित फसलों का राजस्व एवं कृषि विभाग संयुक्त सर्वे कर प्रस्तुत करें प्रतिवेदन : कलेक्टर
कलेक्ट्रेट सहित सभी शासकीय भवनों एवं चिकित्सालयों का फायर ऑडिट कराने के कलेक्टर ने दिए निर्देश
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक आयोजित
सिंगरौली:कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, सीएम हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरणों एवं लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाएं।
विगत दिवस हुई वर्षा से संभावित फसल क्षति के संबंध में कलेक्टर ने एसडीएम एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व एवं कृषि विभाग संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर पटवारी एवं कृषि विभाग के मैदानी अमले के माध्यम से प्रारंभिक सर्वे कराएं तथा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को पटवारी एवं तहसीलदारों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खरीफ 2026 उपार्जन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने किसानों के पंजीयन, धान भंडारण व्यवस्था एवं पूर्व वर्ष में उपार्जित धान की मिलिंग की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपार्जन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने तथा समस्त एसडीएम को अपने क्षेत्रांतर्गत उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेने के निर्देश दिए।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी एसडीएम को नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन सहित राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामित्व योजना के छूटे हुए प्रकरणों का निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने पर जोर दिया। शासकीय कार्यालयों में स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय, चिकित्सालय सहित अन्य शासकीय भवनों में स्थापित वाटर कूलरों की नियमित सफाई एवं पेयजल की शुद्धता की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयों एवं चिकित्सालयों के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी शासकीय भवनों एवं चिकित्सालयों का फायर ऑडिट कराने के निर्देश दिए। जन विश्वास शिविरों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिविरों का उद्देश्य संबंधित क्लस्टर क्षेत्र में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों तथा स्थानीय समस्याओं का निराकरण करना है। उन्होंने सभी विभागों के खंड स्तरीय अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित शिकायतों के शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर समस्याओं का निराकरण करने तथा शिविर आयोजन दिवस पर शिकायतकर्ताओं को शिविर में उपस्थित कराकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि ऐसी शिकायतों का गंभीरता से निराकरण किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि समीक्षा बैठक के दौरान वे स्वयं किसी एक शिकायतकर्ता से सीधे संवाद कर उसकी समस्या की जानकारी लेंगे तथा संबंधित विभागीय अधिकारी को शिकायत के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश देंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में जवाबदेही के साथ शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







