उमरिया नौरोजाबाद से राहुल शीतलानी कि रिपोर्ट
उमरिया। उमरिया जिले की नगर परिषद नौरोजाबाद में इन दिनों व्यवस्थाओं की बदहाली और अधूरे विकास कार्यों को लेकर आम जनता में नाराजगी देखने को मिल रही है।
नगर के वार्ड क्रमांक 1 से लेकर 15 तक विभिन्न कार्यों में रुकावट और अव्यवस्थाएं नजर आ रही हैं। नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर अब सवाल उठने लगे हैं।
सबसे बड़ी बात यह है कि ठंड का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन अभी तक नगर में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था भी नजर नहीं आ रही है। ऐसे में रात के समय राहगीरों, जरूरतमंदों और बुजुर्गों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
आखिर नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे? सीएमओ साहब, आखिर जनता की परेशानी कब समझेंगे?
नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी से आम जनता का सवाल है कि आखिर नगर के विकास कार्यों पर ध्यान कब दिया जाएगा? क्या नगर की समस्याएं अधिकारियों को दिखाई नहीं देतीं?
नगर में कई कार्य अधूरे पड़े हैं और जनता रोजाना परेशानियों से जूझ रही है। जनता का कहना है कि अधिकारी आज नौरोजाबाद में पदस्थ हैं, कल किसी दूसरी नगर पालिका या नगर परिषद में चले जाएंगे, लेकिन यहां रहने वाली आम जनता को इन्हीं समस्याओं के बीच अपना जीवन गुजारना पड़ेगा।
पांच साल गुजरने को हैं, फिर भी हालात जस के तस! चुनाव के दौरान जनता बड़ी उम्मीदों के साथ अपने जनप्रतिनिधियों को चुनती है।
जनता को उम्मीद रहती है कि नगर का विकास होगा, मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी और उनकी समस्याओं का समाधान होगा। लेकिन नौरोजाबाद नगर परिषद की वर्तमान स्थिति देखकर लोगों के मन में सवाल उठने लगे हैं।
नगर परिषद के अंदर चल रहे विवादों और प्रशासनिक खींचतान का असर कहीं न कहीं आम जनता के कामकाज पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है। जनता को आखिर इन विवादों और अव्यवस्थाओं की कीमत क्यों चुकानी पड़े?
अब सवाल यह है कि नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी कब लेंगे सुध? आम जनता चाहती है कि नगर के सभी 15 वार्डों में अधूरे पड़े विकास कार्यों को जल्द पूरा कराया जाए, मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए और ठंड को देखते हुए तत्काल अलाव की व्यवस्था शुरू की जाए।
अब देखना यह होगा कि नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी इन समस्याओं पर कब तक संज्ञान लेते हैं और नौरोजाबाद की जनता को राहत कब मिलती है।