भक्ति, उल्लास और जनआस्था के बीच कटाएघाट मेले का भव्य शुभारंभ मधई मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजे नगर के प्रमुख मार्ग; पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत,

भक्ति, उल्लास और जनआस्था के बीच कटाएघाट मेले का भव्य शुभारंभ
मधई मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजे नगर के प्रमुख मार्ग; पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत, कटाएघाट मंदिर में ध्वज पताका फहराकर विराजे बजरंगबली
कटनी। नगर की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक परंपराओं का प्रतीक श्री बजरंग कटाएघाट मेले का मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। नगर निगम कटनी के तत्वावधान में आयोजित मेले का आगाज मधई मंदिर से निकली आकर्षक शोभायात्रा के साथ हुआ।
भगवान श्री बजरंगबली की भव्य प्रतिमा, ध्वज पताका, भक्ति संगीत और श्रद्धालुओं के जयकारों से सजी शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कटाएघाट मंदिर पहुंची। यहां विधि-विधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भगवान श्री बजरंगबली की स्थापना कर ध्वज पताका फहराई गई। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मधई मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा प्रारंभ होने के पूर्व जनप्रतिनिधियों ने मधई मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात भगवान श्री बजरंगबली की आरती कर शोभायात्रा को रवाना किया गया। ध्वज पताका लिए श्रद्धालुओं, भजन मंडलियों और वाहन में विराजित हनुमान जी महाराज की भव्य प्रतिमा के साथ शोभायात्रा आगे बढ़ी। गायन मंडली एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय भजनों ने धार्मिक उत्साह को और बढ़ा दिया।
पुष्पवर्षा से हुआ शोभायात्रा का स्वागत
मधई मंदिर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा सुभाष चौक, कपड़ा बाजार, सराफा बाजार, झंडा बाजार, सुक्खन चौक, शेर चौक एवं मिशन चौक होते हुए कटाएघाट मंदिर पहुंची। मार्ग में दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में भगवान की आरती कर पुष्पवर्षा के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया और जय श्रीराम एवं बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गुंजायमान होता रहा।
ध्वज पताका फहराकर हुई बजरंगबली की स्थापना
कटाएघाट मंदिर पहुंचने पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार विधि-विधान से भगवान श्री बजरंगबली की स्थापना की गई। मंदिर परिसर में ध्वज पताका फहराई गई। आरती, पूजन और जयकारों के बीच मेले के शुभारंभ की धार्मिक रस्में पूरी की गईं। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
नगर निगम द्वारा वर्षों से आयोजित किए जा रहे इस पारंपरिक मेले के शुभारंभ ने नगर की धार्मिक विरासत, सांस्कृतिक एकजुटता और सामूहिक सहभागिता को एक बार फिर जीवंत कर दिया। शोभायात्रा में उमड़ी भीड़ और श्रद्धालुओं का उत्साह मेले के प्रति नगरवासियों की अटूट आस्था का प्रतीक बना।
जनप्रतिनिधियों सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित
शोभायात्रा में महापौर, मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, सुमन राजू माखीजा, तुलसा गुलाब बेन, पार्षद शशिकांत तिवारी, सीमा श्रीवास्तव, रेखा संजय तिवारी, वंदना राजकिशोर यादव, गोविंद चावला एवं एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस अवसर पर नगर निगम के उपायुक्त द्वय शैलेश गुप्ता एवं श्रीमती प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा, उपयंत्री हिमांशु गौतम, शैलेन्द्र प्यासी, कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समाजसेवी संजय गुप्ता, रमेश सोनी, पूर्व कर्मचारी विष्णु प्रसाद साहू, राकेश तिवारी, महेंद्र शर्मा, नगर निगम द्वारा संचालित तीनों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी भी शोभायात्रा में सहभागी बने।
—
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 – जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📱 7509747686
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







