भागलपुर संग्रहालय की स्वर्ण जयंती पर आयोजित कवि सम्मेलन में कविता, साहित्य और संस्कृति की सजी भव्य महफिल, कवियों की रचनाओं ने बांधा समां*

*भागलपुर संग्रहालय की स्वर्ण जयंती पर आयोजित कवि सम्मेलन में कविता, साहित्य और संस्कृति की सजी भव्य महफिल, कवियों की रचनाओं ने बांधा समां*
रिपोर्टर साहिल राज आगाज टाइम
भागलपुर, 25 नवंबर 2026। भागलपुर संग्रहालय की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित स्वर्ण जयंती संग्रहालय पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार को अंग सांस्कृतिक भवन, भागलपुर संग्रहालय परिसर में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। साहित्य, कला और संस्कृति के इस विशेष आयोजन में देश-प्रदेश के प्रतिष्ठित कवियों एवं स्थानीय साहित्यकारों ने अपनी काव्य रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवियों की ओजपूर्ण, भावपूर्ण, हास्य-व्यंग्य एवं संवेदनशील रचनाओं पर सभागार बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) श्री धीरेन्द्र मिश्रा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सह सहायक संग्रहालय अध्यक्ष श्री अंकित रंजन, निदेशक डीआरडीए श्री दुर्गा शंकर, निदेशक एनईपी श्री अमर मिश्रा, जिला योजना पदाधिकारी श्री मोनू कुमार तथा आमंत्रित कवियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. मंजीत सिंह किन्बार द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिले के कई वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, कवि, साहित्यकार, कलाकार एवं बड़ी संख्या में कलाप्रेमी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सह सहायक संग्रहालय अध्यक्ष श्री अंकित रंजन ने भागलपुर संग्रहालय की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने को जिले के कला, संस्कृति, इतिहास और पुरातात्विक विरासत के लिए एक गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि संग्रहालय केवल प्राचीन वस्तुओं को सुरक्षित रखने का स्थान नहीं है, बल्कि यह किसी समाज की सामूहिक स्मृति, सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक चेतना का जीवंत केंद्र होता है। संग्रहालय में संरक्षित प्रत्येक पुरावशेष अपने समय की सभ्यता, कला-कौशल, जीवनशैली, धार्मिक मान्यताओं और सामाजिक व्यवस्था की कहानी कहता है। इनके माध्यम से हम अपनी जड़ों, अपनी परंपराओं और अपने गौरवशाली अतीत को समझ पाते हैं।
उन्होंने कहा कि भागलपुर की ऐतिहासिक पहचान अत्यंत समृद्ध और बहुआयामी रही है। अंग प्रदेश की प्राचीन सभ्यता, विक्रमशिला महाविहार की ज्ञान परंपरा, गंगा नदी से जुड़ी सांस्कृतिक विरासत, प्राचीन मूर्तिकला, लोककलाओं और साहित्यिक परंपराओं ने इस क्षेत्र को विशिष्ट पहचान प्रदान की है। भागलपुर संग्रहालय इन विविध विरासतों को एक मंच पर समझने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। संग्रहालय में संरक्षित पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक सामग्री हमें यह बताती है कि हमारा अतीत कितना समृद्ध रहा है और उस विरासत को संरक्षित रखना हमारी वर्तमान पीढ़ी का कितना महत्वपूर्ण दायित्व है।
श्री रंजन ने अपने संबोधन में कला एवं संस्कृति के संरक्षण की आवश्यकता पर विशेष बल देते हुए कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक समृद्धि केवल उसकी आर्थिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उसकी सांस्कृतिक चेतना, कलात्मक अभिव्यक्ति और अपनी विरासत के प्रति सम्मान से भी मापी जाती है। लोककला, लोकसंगीत, नृत्य, साहित्य, शिल्प और पारंपरिक ज्ञान हमारी सांस्कृतिक निरंतरता के आधार हैं। इन्हें संरक्षित करने के साथ-साथ कलाकारों को मंच, सम्मान और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। भागलपुर की मंजूषा कला, अंगिका लोकगीत, पारंपरिक शिल्प एवं अन्य स्थानीय कलात्मक विधाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान की अमूल्य धरोहर हैं।
उन्होंने बताया कि संग्रहालय की स्वर्ण जयंती के अवसर पर 11 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक संग्रहालय पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस पखवाड़े में इतिहास, पुरातत्व, कला और संस्कृति को केंद्र में रखते हुए विविध कार्यक्रमों की शृंखला आयोजित की जा रही है। इसमें कला प्रदर्शनियां, कार्यशालाएं, कलाकारों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, साहित्यिक आयोजन, कवि सम्मेलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा कला एवं विरासत से जुड़े विभिन्न विमर्श शामिल हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य संग्रहालय को केवल दर्शनीय स्थल तक सीमित न रखकर एक जीवंत सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि संग्रहालय और समाज के बीच संवाद स्थापित करना, युवाओं एवं बच्चों को अपनी विरासत से जोड़ना तथा स्थानीय कलाकारों और साहित्यकारों को उचित मंच प्रदान करना इस आयोजन की प्रमुख भावना है।
कवि सम्मेलन में पोस्टर में आमंत्रित प्रतिष्ठित कवियों में श्री सरयुग पंडित सौम्य, श्री साहिल राज, डॉ. मनजीत सिंह किन्बार, श्री मिथिलेश आनंद, श्री पूर्णेन्दु चौधरी, श्री सुधीर कुमार प्रोग्रामर, श्री कुमार गौरव, डॉ. प्रमोद पाण्डेय, श्री त्रिलोकीनाथ दिवाकर एवं सुश्री अंकिता चौधरी ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदना, जीवन दर्शन, प्रेम, प्रकृति, समसामयिक परिस्थितियों और समाज के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। कहीं हास्य और व्यंग्य ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया तो कहीं संवेदनशील रचनाओं ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। प्रत्येक प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ कवियों का उत्साहवर्धन किया।
इस भव्य साहित्यिक आयोजन का एक विशेष आकर्षण आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, भागलपुर की संगीत एवं नृत्य विधा की दो प्रशिक्षु छात्राओं सुरभि सुमन एवं अद्वैता सिंह की काव्य प्रस्तुतियां रहीं। दोनों प्रशिक्षुओं ने अपनी मौलिक काव्य रचनाओं के माध्यम से उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि कला प्रशिक्षण केवल संगीत और नृत्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों एवं युवाओं में साहित्यिक अभिरुचि, रचनात्मकता और आत्मविश्वास के विकास का भी सशक्त माध्यम है। उपस्थित अतिथियों एवं श्रोताओं ने दोनों प्रशिक्षुओं की खूब सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों, साहित्यकारों, कलाकारों एवं कलाप्रेमियों ने कवियों की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। आयोजन ने साहित्य और संग्रहालय की सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच एक सुंदर समन्वय स्थापित किया। कवि सम्मेलन ने यह भी रेखांकित किया कि साहित्य किसी भी समाज की सांस्कृतिक चेतना को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है और संग्रहालय जैसे संस्थान साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संवाद को नई ऊर्जा प्रदान कर सकते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से भागलपुर संग्रहालय की स्वर्ण जयंती के अवसर पर यह संदेश भी प्रसारित हुआ कि अपनी ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण केवल सरकारी संस्थानों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। साहित्यकारों, कलाकारों, युवाओं और आम नागरिकों की सहभागिता से ही सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ियों तक जीवंत रूप में पहुंचाया जा सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों एवं श्रोताओं ने आयोजन की सराहना की। कवियों की शानदार प्रस्तुतियों और श्रोताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने स्वर्ण जयंती संग्रहालय पखवाड़ा के इस साहित्यिक आयोजन को यादगार बना दिया।
ज़िला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Art, Culture and Youth Department, Government of Bihar
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







