जिला रिपोर्टर सुरेश चौहान आगर मालवा मध्य प्रदेश
आगर-मालवा, 28 नवंबर।** जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आगर-मालवा पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना बड़ौद में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित आरोपी दशरथ सिंह सौंधिया को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर डग रोड स्थित दुर्गपुरा चौकी के समीप घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी राजस्थान के झालावाड़ जिले का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बड़ौद पुलिस को यह सफलता मिली है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
**94.70 ग्राम एमडी ड्रग्स के मामले से जुड़ा है आरोपी**
मामले की शुरुआत 24 अगस्त 2026 को हुई थी। उस दिन बड़ौद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम गुराड़िया में पुरानी गिट्टी मशीन के पीछे गौशाला रोड पर कार्रवाई की थी। इस दौरान आरोपी दानु सिंह सौंधिया राजपूत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 94.70 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स, एक विवो मोबाइल और एक प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की गई थी। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 95 हजार रुपए बताई गई थी। इसी प्रकरण में दशरथ सिंह सौंधिया की तलाश की जा रही थी।
**बस का इंतजार कर रहा था, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा**
28 नवंबर को थाना प्रभारी निरीक्षक रूपसिंह बैस को सूचना मिली कि फरार आरोपी दशरथ सिंह डग रोड पर दुर्गपुरा चौकी के पास बस का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने वहां से जाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी दशरथ सिंह सौंधिया निवासी ग्राम तिसाई, थाना डग, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के विरुद्ध थाना बड़ौद में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत धारा 8/22, 29 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज है।
**पुलिस टीम की रही अहम भूमिका**
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रूपसिंह बैस, सहायक उपनिरीक्षक दरबार सिंह पंवार, प्रधान आरक्षक हेमंत सिसोदिया, अर्जुन बागड़ी, राकेश शर्मा, सतीश मोदी तथा आरक्षक आकाश टेकाम और सुग्रीव की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े फरार आरोपियों की धरपकड़ की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।