*प्लॉट दिलाने के नाम पर एक ही व्यक्ति पर लाखों की ठगी का आरोप* lahar bhind

*प्लॉट दिलाने के नाम पर एक ही व्यक्ति पर लाखों की ठगी का आरोप*
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
*लहार व दबोह के दो पीड़ितों ने एसपी से लगाई गुहार*
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
लहार/दबोह..क्षेत्र में प्लॉट दिलाने का झांसा देकर बयाने (एडवांस) के नाम पर रकम हड़पने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। खास बात यह है कि दोनों ही मामलों में पीड़ितों ने एक ही आरोपी रवि मल्होत्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ितों ने न तो प्लॉट की रजिस्ट्री होने और न ही रुपये वापस मिलने पर पुलिस अधीक्षक (भिंड) सहित लहार व दबोह थाना प्रभारियों को लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पहला मामला: दबोह में प्लॉट के नाम पर 90 हजार रुपये की ठगी
लहार थाना क्षेत्र के ग्राम रहावली उवारी निवासी राजेश कुमार (पुत्र सोनपाल) ने एसपी भिंड और थाना प्रभारी दबोह को दिए आवेदन में बताया कि 3 अगस्त 2025 को दबोह के वार्ड क्रमांक 6, पतार मोहल्ला स्थित एक प्लॉट को खरीदने के लिए ग्राम बिजपुर (वर्तमान पता जनकपुरा ऊसरा, लहार) निवासी रवि मल्होत्रा (पुत्र सुरेश) से 1 लाख 90 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था।
सौदे के तहत राजेश ने आरोपी को 2,500 रुपये नकद दिए। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से अलग-अलग मोबाइल नंबर उपलब्ध कराकर फोन-पे (PhonePe) के जरिए 87,500 रुपये और मंगवा लिए।
इस तरह कुल 90,000 रुपये का भुगतान किया गया। पीड़ित के अनुसार, मई 2026 में रजिस्ट्री कराना तय हुआ था, लेकिन समय आने पर आरोपी मुकर गया।
जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार करते हुए धमकी दी। पीड़ित ने ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट संलग्न कर 8 सितंबर को दबोह थाने और 9 सितंबर को एसपी कार्यालय में शिकायत दी है।
दूसरा मामला: मच्छण्ड रोड पर प्लॉट का झांसा देकर 31,850 रुपये हड़पे
दूसरी शिकायत लहार के वार्ड क्रमांक 15 निवासी अरविन्द (पुत्र सुभाष बाबू) ने थाना प्रभारी लहार और एसपी भिंड को दी है। आवेदन के मुताबिक, फरवरी 2026 में अरविन्द को मच्छण्ड बिस्वारी रोड पर प्लॉट की जरूरत थी।
इस दौरान रवि मल्होत्रा ने ग्राम मच्छण्ड (बिस्वारी रोड) स्थित एक प्लॉट दिखाकर 2026 की होली तक कागजात तैयार कराकर बयनामा करने का वादा किया। इसके एवज में आरोपी ने कुल 31,850 रुपये बतौर बयाना लिए।
इसमें 1 फरवरी 2026 को पीड़ित के भाई विवेक के खाते से फोन-पे के माध्यम से आरोपी की पत्नी प्रियंका के खाते में 30,000 रुपये, आरोपी के मित्र विकास के खाते में 1,500 रुपये तथा 3 फरवरी को एक दुकान पर 350 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। पीड़ित का आरोप है कि मार्च 2026 में होली बीतने के बाद से आरोपी लगातार टालमटोल कर रहा है और अब न तो रजिस्ट्री कर रहा है और न ही रुपये लौटा रहा है।
दोनों ही पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






