
उत्तर प्रदेश। वाराणसी के मडुआडीह अंतर्गत भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को पुलिस विभाग के दो अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अधिकारियों में एक इंस्पेक्टर और दूसरा हेड कांस्टेबल है। दोनों पर ₹15,000 की रिश्वत लेने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उससे एक मामले में राहत दिलाने के एवज में पुलिस अधिकारी रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने जाल बिछाया और निर्धारित स्थान पर जैसे ही रिश्वत की राशि सौंपी गई, टीम ने दबिश देकर दोनों अधिकारियों को रंगेहाथ पकड़ लिया। एंटी करप्शन अधिकारियों ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। उच्चाधिकारी मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और अन्य संलिप्त अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
प्रशासन का संदेश स्पष्ट है – भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







