

शराब तस्करों का पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, 8 राउंड फायरिंग के बाद घेराबंदी कर 5 आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने देशी कट्टा, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की; कई आरोपी अब भी फरार
भभुआ/चांद (कैमूर), 9 मार्च 2026:
कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र में शराब तस्करों ने मद्यनिषेध छापेमारी टीम पर फायरिंग कर जानलेवा हमला कर दिया। हालांकि पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के चलते इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 9 मार्च 2026 की देर रात करीब 1:30 बजे महदाईच जांच चौकी (चकिया) पर प्रतिनियुक्त सहायक अवर निरीक्षक अनुज कुमार को सूचना मिली कि थाना चांद क्षेत्र के ग्राम रामपुर-पथरा में शराब तस्कर मोटरसाइकिलों के माध्यम से शराब की खेप पार कराने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान मद्यनिषेध छापामारी टीम को देखकर तस्करों ने पुलिस पर करीब 8 राउंड फायरिंग करते हुए जानलेवा हमला कर दिया।
फायरिंगके दौरान पुलिसकर्मी सुरक्षित स्थान पर छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसके बाद शराब तस्कर गाली-गलौज और धमकी देते हुए शराब की खेप लेकर नहर की ओर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही चांद थाना अध्यक्ष अपने दल-बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को मौके से तीन खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जिसे विधिवत जप्ती सूची बनाकर जब्त कर लिया गया।
इसके बाद थानाध्यक्ष चांद ने वरीय अधिकारियों को सूचना देते हुए अपने नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया और नहर के रास्ते सहित अन्य सभी संभावित रास्तों पर घेराबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया। साथ ही संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू की गई।
छापेमारी के दौरान सिरहिरा पंचायत के ग्राम डरवा से दो संदिग्ध व्यक्तियों—महेश यादव (पिता कन्हैया यादव, ग्राम एकौनी) और संदीप यादव (पिता अंगद यादव, ग्राम डड़वा)—को दो मोटरसाइकिलों (पल्सर और अपाची) के साथ हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में घटना में शामिल अन्य साथियों के नाम भी सामने आए।
पुलिस ने इसके बाद विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी कर कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप यादव, निखिल कुमार यादव, महेश यादव, सुनील यादव और पंकज यादव शामिल हैं। इनमें से सुनील यादव के पास से एक देशी पिस्तौल तथा पंकज यादव के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, तीन खोखा तथा चार मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
इस मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। पहली प्राथमिकी मद्यनिषेध विभाग के सहायक अवर निरीक्षक अनुज कुमार के आवेदन पर चांद थाना कांड संख्या 98/26 के तहत विभिन्न धाराओं एवं बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत दर्ज की गई है। वहीं घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार की बरामदगी के बाद थानाध्यक्ष चांद के बयान पर कांड संख्या 99/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में दूसरी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में चांद थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक भागीरथ कुमार, चंद्रशेखर चौहान, चंद्र भूषण सिंह, भुवनेश्वर कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक अरुण कुमार, पीटीसी सुधीर कुमार शर्मा तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक कैमूर को छापेमारी टीम के सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को 24 घंटे के भीतर मामले का सफल उद्भेदन करने तथा हथियार और मोटरसाइकिल बरामद करने के लिए पुरस्कृत करने की अनुशंसा भी की गई है।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)




