बिहारबेगुसराय

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: पंडाल खोलते समय करंट लगने से मजदूर की मौत, गांव में शोक

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: पंडाल खोलते समय करंट लगने से मजदूर की मौत, गांव में शोक
बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। पंडाल खोलने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव में एक शादी समारोह संपन्न हुआ था, जिसके बाद पंडाल हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक मजदूर लोहे के पाइप और बांस के सहारे पंडाल खोल रहा था। काम के दौरान अचानक उसका संपर्क ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन बिजली तार से हो गया। तेज करंट की चपेट में आते ही मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल मजदूर को तुरंत चेरिया बरियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया। लेकिन सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घर में जहां शादी की खुशियां थीं, वहीं अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक व्याप्त है।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में 11 हजार वोल्ट के तार काफी नीचे और असुरक्षित तरीके से लटक रहे हैं, जिसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता दी जाए, ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!