
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। NH 27 हाईवे पर पुलिस गश्ती के दावों पर सवाल, हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टायर व तेल की चोरी।।
15 दिसंबर 25, उत्तर प्रदेश।
संतकबीरनगर जनपद के कांटे पुलिस चौकी क्षेत्र में हाईवे किनारे दुर्घटना के बाद खड़े वाहनों को निशाना बनाकर टायर और तेल चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। बीते चार दिनों के भीतर हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ताजा मामला रविवार रात का है, जब कांटे पुलिस चौकी से महज एक किलोमीटर दूर भुजैनी चौराहे के पास सड़क किनारे खड़े एक दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर से चोरों ने छह टायर चोरी कर लिए। यह ट्रेलर 5 दिसंबर की रात डीसीएम और ट्रेलर की टक्कर में हुए भीषण हादसे के बाद वहीं खड़ा किया गया था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी और पांच लोग घायल हुए थे।
इससे तीन दिन पहले कुर्थिया चौराहे पर खड़े एक अन्य दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर से बैटरी और तेल की चोरी की गई थी। दोनों घटनाओं की शिकायत संबंधित वाहन स्वामियों द्वारा कांटे पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई है।
पुलिस द्वारा नेशनल हाइवे पर लगातार रात्रि गश्त किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद चौकी क्षेत्र के अंतर्गत कुर्थिया चौराहा (लगभग तीन किलोमीटर) और भुजैनी चौराहा (लगभग एक किलोमीटर) दूरी पर चार दिनों के भीतर दो चोरियों की घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है। पुलिस अभी कुर्थिया चौराहे पर हुई चोरी की जांच में जुटी ही थी कि चोर गिरोह ने भुजैनी चौराहे पर दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया।
भुजैनी चौराहे पर हुई टायर चोरी के संबंध में वाहन स्वामी सिवेक कुमार उपाध्याय, पुत्र रामचंद्र उपाध्याय, निवासी बड़गो, खलीलाबाद ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह है कि पुलिस कब तक इस सक्रिय चोर गिरोह पर शिकंजा कस पाती है।

















