
समीर वानखेडे ब्यूरो चीफ:
वंदेभारत लाइव टीवी न्यूज ने बल्लारपुर शहर में बढ़ रहे अवैध निर्माण तथा अतिक्रमण पर समाचार प्रसिद्ध किया था और आज शहर में बढ़ते अतिक्रमण के बीच एक भयानक हादसे में एक किराना व्यापारी की मौत हो गई। बुधवार सुबह करीब 11.15 बजे ग्रामीण अस्पताल के पास एक ट्रक की टक्कर से स्कूटी ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वाले की पहचान बल्लारपुर के फूलसिंह नाइक वार्ड के श्रीराम मांग्या जटोत (55) के रूप में हुई है और वह एक किराना दुकान चलाते थे । बुधवार को वह दुकान का सामान लाने के लिए स्कूटी नंबर MH 34 Y 7041 पर पुराने बस स्टैंड जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक नंबर MH 34 BZ 5897 ने ग्रामीण अस्पताल के पास उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
इस भयानक टक्कर में श्रीराम जटोत की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक ड्राइवर संतोष कृष्णकुमार टंडन (27), निवासी सिंडोला, तालुका वनी, जिला यवतमाल को हिरासत में ले लिया गया है। यह ट्रक JST कंपनी का है और यह पेपर मिल से राख भरकर ले जा रहा था।
इस बीच, लोगों ने शिकायत की है कि बल्लारपुर शहर में मुख्य मार्ग पर बढ़ते अतिक्रमण से ट्रैफिक में बड़ी दिक्कत हो रही है। कई दुकानदारों के सड़कों के किनारे दुकानें और सामान लगाने से सड़कें संकरी हो गई हैं। इससे ट्रैफिक जाम के साथ-साथ एक्सीडेंट का खतरा भी बढ़ रहा है, और लोग मांग कर रहे हैं कि प्रशासन तुरंत अतिक्रमण हटाए।
जिससे यातायात सुचारू हो तथा पैदल चलने वालों को राहत मिले ।







