A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेकटनीमध्यप्रदेश

कल से प्रारंभ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा की पूर्व संध्या पर महापौर ने किया व्यवस्थाओं का निरिक्षण

 

कटनी (30 जनवरी) – श्री रंगनाथ नगर में कल 31 जनवरी से प्रारंभ होने वाली सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से ठीक एक दिन पूर्व शुक्रवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने पार्षद साथियों के साथ कथा पंडाल पहुँचकर नगर निगम द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि इस सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित श्री इंद्रेश जी उपाध्याय द्वारा अमृतमयी कथा वाचन किया जाएगा। महापौर ने आयोजन स्थल पर पहुँचकर सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान महापौर ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्थिति का स्वयं अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की पूरी टीम श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तत्पर रहेगी।

 

महापौर ने उपस्थित निगम के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कथा आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आयोजन अवधि के दौरान निगम की सभी व्यवस्थाएँ दुरुस्त रखी जाएँ। उन्होंने विशेष रूप से नियमित साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं के छिड़काव, पहुँच मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सुचारु यातायात संचालन हेतु हांका गैंग को पूर्ण मुस्तैदी से कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

 

महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना का सशक्त माध्यम भी है। ऐसे आयोजनों से नगर में सकारात्मक वातावरण निर्मित होता है तथा जनसहभागिता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए नगर निगम की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

 

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी महापौर द्वारा कथा स्थल का निरीक्षण किया गया था। आज पुनः स्थल पर पहुँचकर उन्होंने तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए स्पष्ट किया कि नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस आयोजन को सफल बनाने में जुटा है।

 

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य सर्व श्री सुभाष साहू,डॉ रमेश सोनी,सुरेन्द्र गुप्ता,उमेन्द्र अहिरवार,पार्षद सीमा श्रीवास्तव,वंदना राजकिशोर यादव,सुनीता कमलेश चौधरी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

कटनी ब्यूरो चीफ ,सुरेन्द्र कुमार शर्मा,

नित नई खबर एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें

Back to top button
error: Content is protected !!