A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेश

जन जागरूकता चौपाल में विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी, आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में किया गया जागरूक

जन जागरूकता चौपाल में विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी, आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में किया गया जागरूक

फिरोजाबाद।
जिला प्रोबेशन अधिकारी मिथलेश कुमार सिंह के निर्देशन में महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत मिशन शक्ति संकल्प हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन टीम द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनपद के नारखी ब्लॉक के बछगांव क्षेत्र एवं फिरोजाबाद ब्लॉक के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में जन जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान योजना संबंधी स्टीकर चस्पा अभियान भी चलाया गया।

कार्यक्रम में जिला मिशन कोऑर्डिनेटर अनम अकाशा ने महिलाओं एवं बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया का सदुपयोग करें एवं किसी भी ट्रेंड को फॉलो न करें, बल्कि शिक्षा पर फोकस करते हुए अपने लक्ष्य को हासिल करें। उन्होंने दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961, घरेलू हिंसा अधिनियम, पोक्सो अधिनियम तथा साइबर क्राइम जैसे महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी।

अनम अकाशा ने बताया कि दहेज लेना और देना दोनों ही कानूनी अपराध हैं। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी हेल्पलाइन 112, तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हेल्पलाइन 15100 जैसी सेवाओं की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के तरीके बताए। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन, वन स्टॉप सेंटर, रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष योजना और संकल्प HEW (हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन) जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से पीएलवी प्रवीन कुमार शर्मा ने आगामी 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी देते हुए कहा कि यह न्यायपालिका की एक सुलभ एवं प्रभावी व्यवस्था है, जिसमें आपसी सहमति से विवादों का निस्तारण बिना किसी आर्थिक बोझ के किया जाता है। लोक अदालत में हुए समझौते को अदालत के अंतिम निर्णय के समान माना जाता है।

उन्होंने बताया कि बिजली-पानी के बिल, बैंक ऋण, चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद और मोटर दुर्घटना मुआवजा जैसे मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में किया जाता है। इसके लिए किसी प्रकार की फीस नहीं ली जाती और प्रक्रिया भी अत्यंत सरल होती है। इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस में संबंधित न्यायालय या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुष्पा, सीता देवी, सरोज देवी, सहित शशि देवी, शीला रानी, विमलेश देवी, कल्पना, प्रेमलता समेत बड़ी संख्या में आशा बहुएं, बालिकाएं और महिलाएं उपस्थित रहीं।

Back to top button
error: Content is protected !!