
जींद में 10 जनवरी को होगा अभिनंदन एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह,
डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा होंगे मुख्य अतिथि, कैप्टन योगेश बैरागी करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता
जींद : शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन द्वारा हरियाणा नॉलेज कारपोरेशन लिमिटेड (एचकेसीएल) के सहयोग से अभिनंदन एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 10 जनवरी 2026 (शनिवार) प्रातः 11 बजे आयोजित होगा। इसको लेकर संस्था कार्यालय, अर्बन एस्टेट जींद में संस्था के अध्यक्ष राजकुमार भोला की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अंकिता खटकड़, अजय वर्मा, मेघा सिंगला, ऊषा सैनी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संस्था अध्यक्ष राजकुमार भोला ने बताया कि इस समारोह में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के स्टेट वाइस प्रेसिडेंट कैप्टन योगेश बैरागी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. राजकुमार गोयल प्रदेश अध्यक्ष, अखिल भारतीय अग्रवाल समाज एवं अध्यक्ष, जींद विकास संगठन , डॉ. राजेश भोला डिप्टी सीएमओ तथा श्री मुकेश शर्मा सह-प्रमुख, भूजल प्रकोष्ठ, भाजपा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह समारोह #2102, अर्बन एस्टेट, जाट धर्मशाला के पास, जींद में आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी युवाओं का उत्साहवर्धन करने के लिए उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर एचएस-सीआईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डिजिटल स्किल्स में प्रशिक्षण प्राप्त कर सफल हुए विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे। यह समारोह उन युवाओं के लिए सम्मान का अवसर है जिन्होंने आधुनिक तकनीकी कौशल अपनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। राजकुमार भोला ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर हरियाणा के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होते हैं।




