
श्यामा माई मंदिर में 75 दीपों से मनाया गया PM मोदी का जन्मदिन
दरभंगा, बिहार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर दरभंगा के ऐतिहासिक श्यामा माई मंदिर में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा विशेष दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने मंदिर प्रांगण में 75 दीपों की श्रृंखला सजाकर प्रधानमंत्री की दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
कार्यक्रम में दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को नई दिशा दी है और भारत की छवि को वैश्विक मंच पर मजबूत किया है। उन्होंने सभी के साथ मिलकर प्रधानमंत्री के शतायु होने की प्रार्थना की।
इस दीपोत्सव में भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना और महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सपना भारती सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम ‘सेवा पर्व’ का हिस्सा है, जिसके तहत समाजसेवा और जनकल्याण की कई गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं।
श्यामा माई मंदिर में दीपों की रोशनी और भक्तिमय माहौल ने जन्मदिन समारोह को खास बना दिया। श्रद्धालुओं ने भी इस अवसर पर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और लंबे जीवन की मंगलकामना की।






















