
नरवाना खंड शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा द्वारा पदभार ग्रहण करने पर प्राथमिक शिक्षकों ने किया सम्मान।

नरवाना खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर संतोष शर्मा द्वारा पदभार ग्रहण करने के अवसर पर प्राथमिक शिक्षकों द्वारा उनका पुष्पगुच्छ एवं अशोक स्तंभ रूपी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों ने आशा व्यक्त की कि उनके कुशल नेतृत्व में नरवाना खंड शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुएगा।
इस मौके पर राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के महासचिव राजेश टांक दनौदा ने कहा कि“शिक्षा किसी भी समाज की रीढ़ होती है और एक ऊर्जावान, संवेदनशील व दूरदर्शी शिक्षा अधिकारी ही शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दे सकता है। हमें पूर्ण विश्वास है कि खंड शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा अपने अनुभव, कार्यकुशलता और सकारात्मक सोच के बल पर नरवाना खंड को शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाएंगे। शिक्षक और अधिकारी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शिक्षा का वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा।”राजेश टांक दनौदा ने आगे कहा कि संतोष शर्मा इससे पूर्व प्राचार्य के रूप में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दनौदा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भाणा एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हमीरगढ़ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इन विद्यालयों में उनके कार्यकाल के दौरान शैक्षणिक अनुशासन, परीक्षाफल में सुधार, छात्राओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता तथा विद्यालयी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उल्लेखनीय प्रयास देखने को मिले। उनके इस प्रशासनिक व शैक्षणिक अनुभव का लाभ निश्चित रूप से नरवाना खंड की समस्त शैक्षणिक संस्थाओं को मिलेगा।उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षक समाज सदैव प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कारयुक्त वातावरण निर्माण के लिए सतत प्रयासरत रहेगा।इस अवसर पर लिपिक पवन, दीपक कुमार, कैलाश कुमार, नरेश बिसला, मुकेश बेदी, दिलबाग सिंह एवं सुखबीर सिंह सहित अन्य शिक्षक साथी उपस्थित रहे।




