
विजय कुमार बंसल हरिद्वार ब्यूरो
परमार्थ में ही परमात्मा का वास :
महंत श्याम सुंदर दास महाराज
हरिद्वार श्यामपुर स्थित श्री श्याम वैकुंठ धाम में आयोजित दिव्य सत्संग एवं कथा प्रवचन में प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान श्री महंत श्याम सुंदर दास महाराज ने अपने अमृतमयी वचनों से श्रद्धालु भक्तजनों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि परमार्थ में ही परमात्मा का वास्तविक वास होता है। जिस मनुष्य के हृदय में दूसरों के प्रति दया भाव, सेवा, करुणा और ईश्वर के प्रति अटूट आस्था होती है, उसका जीवन सदैव मंगलमय एवं कल्याणकारी बन जाता है।महंत श्याम सुंदर महाराज ने कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल स्वयं का सुख प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज एवं जरूरतमंदों की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति निस्वार्थ भाव से दूसरों के दुख दूर करने का प्रयास करता है, वही सच्चे अर्थों में ईश्वर की कृपा का अधिकारी बनता है। उन्होंने भक्तों को प्रेम, सद्भाव, भाईचारे एवं धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हुए कहा कि कलियुग में भगवान की भक्ति, सत्संग एवं सेवा ही जीवन को सफल बनाने का सबसे सरल साधन है।सत्संग के दौरान भक्ति रस से ओतप्रोत सुंदर भजनों एवं कथा प्रसंगों ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्तजन गुरु महाराज के श्रीमुख से निकले दिव्य उपदेशों को सुनकर भावविभोर हो उठे तथा पूरे परिसर में “जय श्रीराम” और “राधे-राधे” के जयघोष गूंजते रहे।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त किया तथा गुरु महाराज का आशीर्वाद ग्रहण किया। अंत में सभी भक्तों के लिए प्रसाद वितरण भी किया गया।










