
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा ✅ गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री अनन्य मित्तल ने शुक्रवार को श्री बंशीधरनगर स्थित नव-निर्मित कारा (जेल) का औचक निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि कारा भवन पूर्ण रूप से तैयार हो चुका है, लेकिन अभी तक इसका संचालन प्रारंभ नहीं किया गया है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कारा परिसर की संरचना, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कारा संचालन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह सुदृढ़ एवं व्यवस्थित कर लिया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें कारा संचालन को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने मैनपावर, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कारा अधीक्षक को निर्देशित किया कि आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जेल महानिरीक्षक को पत्र भेजकर शीघ्र कार्रवाई कराई जाए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि पर्याप्त मानवबल के बिना कारा का प्रभावी संचालन संभव नहीं है। साथ ही, कारा के संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना को अनिवार्य बताते हुए इस दिशा में भी आवश्यक पहल करने को कहा।
उन्होंने कैदियों के लिए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया तथा कहा कि मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कैदियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कारा में सुरक्षित, स्वच्छ एवं मानवीय वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




