
जोधपुर, 27 अप्रैल। भारत सरकार द्वारा आयोजित जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकान गणना) 1 मई से शुरू किया जाएगा। इस बार जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी, जिसमें नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु स्वगणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने जोधपुरवासियों से अपील करते हुए बताया कि 1 मई से 15 मई तक जनगणना विभाग के आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर अपने मोबाइल अथवा कम्प्यूटर के माध्यम से स्वयं अपने मकान से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि स्वगणना के पश्चात 16 मई से जनगणना दल क्षेत्र में पहुंचकर यूनिक नम्बर के आधार पर जानकारी का सत्यापन एवं संकलन करेगा, जिससे प्रक्रिया अधिक सुगम एवं प्रभावी हो सकेगी।
श्री आलोक रंजन ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है तथा इस बार नागरिकों को सीधे इसमें सहभागी बनने का अवसर प्रदान किया गया है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वगणना के माध्यम से इस अभियान से जुड़ें एवं अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि निर्धारित अवधि में स्वगणना सुविधा का अधिकतम उपयोग करते हुए इस राष्ट्रीय दायित्व के निर्वहन में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।






