
- समाधान शिविर में लापरवाही बर्दाश्त नहीं—एसडीएम जगदीश चंद्र के सख्त निर्देश, शिकायतों के त्वरित निपटान पर जोर
नरवाना, 27 अप्रैल। उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) जगदीश चंद्र ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों को किसी भी सूरत में हल्के में न लिया जाए और उनका समयबद्ध व प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर के दौरान उन्होंने यह सख्ती दिखाई।
इस मौके पर डीएसपी कमलदीप राणा भी उपस्थित रहे। एसडीएम ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और उनका मुख्य उद्देश्य आमजन की अधिक से अधिक समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की ढिलाई या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी समस्या का समाधान तकनीकी या विभागीय कारणों से संभव नहीं है, तो संबंधित अधिकारी तथ्यों सहित लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि मामले को मुख्यालय तक पहुंचाया जा सके।
एसडीएम ने कहा कि अधिकारियों की जवाबदेही और सकारात्मक कार्यशैली से ही समाधान शिविर की सार्थकता सिद्ध होगी। शिविर में कुल तीन शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके शीघ्र निस्तारण के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
इस दौरान बीडीपीओ तरुण सुथार, नायब तहसीलदार रणवीर सिंह, एसडीओ जन स्वास्थ्य विभाग कुलदीप कोहाड़, एसईपीओ तेजवीर उझाना, सिंचाई विभाग के जेई अजय कुमार, नगर परिषद के जेई रविंद्र, वन विभाग के अश्वनी कुमार, सीडीपीओ रीटा रानी, सुपरवाइजर रितु, पीडब्ल्यूडी के जेई प्रदीप शर्मा, क्रिड के नितिन नैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।






