A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेधनबाद

प्रिंस खान का दूसरा शूटर इजहार अंसारी गिरफ्तार, पिस्तौल-कारतूस बरामद

*धनबाद :* वासेपुर के डान के नाम से चर्चित जेल में बंद फहीम खान के पुत्र इकबाल खान के चालक बबली पर गोली चलाने के मामले में गिरफ्तार रकीब के निशानदेही पर बैंकमोड़़ पुलिस ने कांड में दूसरा शूटर इजहार हुसैन उर्फ इजहार अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
उसके पास से दो पिस्टल तथा दो कारतूस कारतूस, मैगजीन पुलिस ने बरामद किया है।
मामले में कई अन्य आरोपितों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। गिरफ्तार शूटर के खिलाफ बैंकमोड़ थाना में पदस्थापित दारोगा राजेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज हुई है।
इजहार हुसैन उर्फ इजहार अंसारी माल गोदाम रोड, उदितनगर, राउरकेला उड़ीसा का रहनेवाला है। पूछताछ के दौरान उसने 20 फरवरी 2026 को वासेपुर में हुई गोलीबारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
*सुपारी लेकर पहुंचे थे धनबाद*
इजहार ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी मो. रकीब के साथ चक्रधरपुर से रांची होते हुए धनबाद आया था। दोनों को प्रिंस खान, ऋतिक खान और गोपी खान के कहने पर फहीम खान के पुत्र इकबाल खान की हत्या की सुपारी दी गई थी। रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड पर एक व्यक्ति कृष कुमार सिंह ने उन दोनों को बैग में दो पिस्टल और कारतूस उपलब्ध कराए थे।
*रेकी के दौरान हुआ हंगामा, युवक को मारी गोली*
धनबाद पहुंचने के बाद दोनों आरोपित वासेपुर क्षेत्र में रेकी करने लगे। रात करीब 11:30 बजे स्थानीय लोगों को संदेह होने पर पूछताछ शुरू हुई। इसी दौरान भागने के क्रम में हैदर अंसारी उर्फ बबली ने उनका पीछा किया।
आरोप है कि अलीनगर स्थित स्मार्ट मैरेज हाल के पास इजहार ने पीछे से गोली चलाकर बबली को घायल कर दिया और फरार हो गया।
*झाड़ी से बरामद हुआ हथियार*
गिरफ्तारी के बाद आरोपित की निशानदेही पर पुलिस टीम ने कलाली बगान के पास रेलवे लाइन किनारे झाड़ी से एक पिस्टल बरामद किया। पिस्टल के मैगजीन में दो जिंदा कारतूस मिले, जिन पर 7.65 और के.एफ. अंकित है। साथ ही आरोपित के पास से एक स्मार्टफोन और सिमकार्ड भी जब्त किया गया।
*कई नामजद, गिरोह पर शिकंजा*
इस मामले में इजहार हुसैन और मो. रकीब समेत कृष कुमार सिंह, प्रिंस खान, ऋतिक खान, गोपी खान, असगर अली और अन्य अज्ञात व्यक्तियों को आरोपित बनाया गया। बैंकमोड़ पुलिस ने बताया कि यह संगठित आपराधिक गिरोह का मामला है, जिसमें हत्या की साजिश, अवैध हथियार का इस्तेमाल और आपराधिक षड्यंत्र शामिल है।
इस मामले में कुछ अन्य अपराधियों के नाम भी पुलिस को जानकारी हुई है, पुलिस अब उन सभी की तलाश में छापेमारी कर रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का पुलिस पर्दाफाश करेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!