
फिरोजाबाद में मिशन शक्ति 5.0 की समीक्षा बैठक, SSP ने दिए सख्त निर्देश
फिरोजाबाद, 08 दिसंबर 2025।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने की, जिसमें जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति पुलिस टीमें मौजूद रहीं।
बैठक में SSP ने अब तक चलाए जा रहे अभियानों, टीमों की कार्यप्रणाली और जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि—
महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए गतिविधियाँ और तेज हों।
थानों की मिशन शक्ति टीमें स्कूल–कॉलेज आउटरीच कार्यक्रमों को और प्रभावी तरीके से चलाएं।
पिंक पेट्रोलिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत बनाया जाए।
जनजागरूकता कार्यक्रमों में अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ते हुए सुरक्षा से संबंधित जानकारी व्यापक रूप से पहुँचाई जाए।
बैठक के दौरान SSP ने सभी क्षेत्राधिकारियों और टीमों को यह भी निर्देशित किया कि वे मिशन शक्ति के प्रत्येक बिंदु की समयबद्ध समीक्षा करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।












