A2Z सभी खबर सभी जिले की

बहुभोज से लौटते वक्त NH-28 पर दर्दनाक हादसा, तीन युवकों की मौके पर मौत, चार गंभीर रूप से घायल

बहुभोज से लौटते वक्त NH-28 पर दर्दनाक हादसा, तीन युवकों की मौके पर मौत, चार गंभीर रूप से घायल

हाटा कुशीनगर हाटा कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। अहिरौली तुला दास गांव से बहुभुज के कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे युवकों की अर्टिगा कार नेशनल हाईवे 28 पर एक खड़े ट्राला से टकरा गई। इस भीषण हादसे में एक ही गांव के तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
यह दर्दनाक हादसा हाटा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे 28 पर रॉयल पैलेस के सामने आज सुबह लगभग साढ़े तीन बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर पहले से एक ट्रक और हाफ ट्रेलर आपस में टकराकर खड़े थे। कोहरे और तेज रफ्तार के कारण पीछे से आ रही अर्टिगा कार उन्हें देख नहीं सकी और सीधे ट्राला में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीन युवकों की सांसें थम चुकी थीं।


मृतकों की पहचान अहिरौली तुला दास निवासी राजू वर्मा उर्फ नितेश (20) पुत्र कृष्ण मुरारी, अमन वर्मा (25) पुत्र श्रवण वर्मा और हरीश वर्मा पुत्र स्वर्गीय पुरुषोत्तम के रूप में हुई है। तीनों आपस में पाटीदार थे और एक ही गांव के निवासी थे। हादसे में मुकेश वर्मा पुत्र सुभाष वर्मा, शैलेश वर्मा पुत्र अशोक वर्मा, सूरज वर्मा पुत्र राजू वर्मा और विकास वर्मा घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अहिरौली निवासी आकाश वर्मा की 6 फरवरी को शादी हुई थी और 7 फरवरी को बहुभुज का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मृतक हरीश, आकाश का छोटा भाई था। हरीश दुबई में रहकर काम करता था और करीब तीन साल बाद भाई की शादी में शामिल होने गांव आया था। 15 फरवरी को उसकी दुबई वापसी की फ्लाइट थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि भाई की शादी की खुशी उसकी जिंदगी की आखिरी खुशी बन जाएगी। दूसरे मृतक राजू वर्मा उर्फ नितेश की उम्र मात्र 20 वर्ष थी। वह अविवाहित था और गोरखपुर में एक ज्वेलरी की दुकान पर काम करता था। उसके पिता अंबाला में एक मिल में नौकरी करते हैं। नितेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उसकी बहन की शादी तय थी, लेकिन तारीख अभी पड़ी नहीं थी। कम उम्र में नितेश की असमय मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। तीसरे मृतक अमन वर्मा की उम्र 25 वर्ष थी। उनकी शादी हो चुकी थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक छह साल का बेटा और एक डेढ़ साल की बेटी है। अमन गाजियाबाद में काम करता था और बहुभुज में शामिल होने गांव आया था। पत्नी रानी वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार इस सदमे से उबर नहीं पा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, बहुभुज के दौरान आर्केस्ट्रा का आयोजन हुआ था, जिसमें सभी दोस्तों ने जमकर नृत्य किया और देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शैलेश वर्मा अपनी अर्टिगा कार लेकर आया और सभी दोस्त गोरखपुर की ओर निकल पड़े। सुबह करीब साढ़े तीन बजे कोहरे के बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया। वहीं मृतक नितेश के मामा ने आरोप लगाया है कि नितेश और शैलेश के बीच पहले से अनबन थी और जानबूझकर लापरवाही बरती गई। हालांकि परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि घना कोहरा और सड़क पर खड़े ट्रक हादसे की मुख्य वजह बने। हाटा कोतवाल संजय दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हैं। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है। इधर गांव में एक साथ तीन अर्थियां उठने की तैयारी चल रही है। पूरे गांव और क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

Back to top button
error: Content is protected !!