
खरगोन, 11 अगस्त 2025। “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता — स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान के तहत नगर परिषद मंडलेश्वर ने भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। सुबह 11:10 बजे नगर परिषद कार्यालय से स्कूली बच्चों ने हाथों में राष्ट्रध्वज लहराते हुए यात्रा की शुरुआत की।
यात्रा में नगर परिषद अध्यक्ष विश्वदीप मोयदे, एसडीओपी श्वेता शुक्ला, तहसीलदार कैलाश सस्त्या, थाना प्रभारी दीपक यादव, सीएमओ संजय रावल, मंडल अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र पाटीदार, उपयंत्री आरती मंडलोई, खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. बसंत वर्मा सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा सब्जी मार्केट, डाकघर, बस स्टैंड, एमजी रोड, झंडा चौक वाचनालय, स्कूल मैदान होते हुए पुनः बस स्टैंड पहुंची। यहां नगर परिषद अध्यक्ष ने स्कूली बच्चों और उपस्थित जनों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान गाया गया।
इस अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, श्रीकंवर तारा स्कूल, संदीपनी स्कूल, एक्सलेंट एकेडमी के विद्यार्थी-शिक्षक, एनसीसी अधिकारी, नगर परिषद पार्षदगण, प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।







