लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया गया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि इस वर्ष गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में 160 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। अब गेहूं का MSP 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो पिछले साल से अधिक है।
सरकार ने गेहूं खरीद की अवधि 30 मार्च से 15 जून तक निर्धारित की है। इसके लिए प्रदेशभर में लगभग 6500 खरीद केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की दिक्कत न हो। इस साल गेहूं खरीद का लक्ष्य 50 लाख मीट्रिक टन रखा गया है।
बिचौलियों पर रोक लगाने के लिए सरकार ने पहले ही रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। किसानों को सीधे लाभ दिलाने के उद्देश्य से ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।
कैबिनेट बैठक में 23 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिनमें से कई को मंजूरी दी गई। हालांकि, चीनी उद्योग और लखीमपुर से जुड़े एक प्रस्ताव को फिलहाल निरस्त कर दिया गया है। सरकार का दावा है कि इन फैसलों से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।