A2Z सभी खबर सभी जिले की

विंढमगंज स्टेशन मास्टर का महिलाओं से मारपीट व अभद्रता का वीडियो वायरल, क्षेत्र में भारी आक्रोश

गरीब और असहाय महिलाओं पर बरसा डंडा, कार्रवाई की उठी मांग — रेलवे प्रशासन व पुलिस के लिए बना चुनौतीपूर्ण मामला

विंढमगंज सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर द्वारा असहाय महिलाओं के साथ की गई मारपीट और अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में स्टेशन मास्टर खुद डंडा लेकर महिलाओं को मारते और गाली-गलौज करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। यह अमानवीय कृत्य सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।

सूत्रों के अनुसार, कुछ गरीब और बेसहारा महिलाएं पिछले कई महीनों से रेलवे प्लेटफॉर्म पर रहकर भीख मांगकर अपना जीवन यापन कर रही थीं। बुधवार की सुबह स्टेशन मास्टर ने अचानक इन महिलाओं को वहां से भगाने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को अपशब्द कहे और हाथ में डंडा लेकर उनकी पिटाई कर दी।

वीडियो में आसपास मौजूद लोग यह दृश्य देखकर हैरान रह गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन मास्टर ने मानो पूरे प्लेटफॉर्म को अपनी निजी संपत्ति समझ रखा है। गरीब और असहाय महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल गैरकानूनी है बल्कि मानवीयता के भी खिलाफ है।

ग्रामीणों ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए आरोपी स्टेशन मास्टर के निलंबन और बर्खास्तगी की मांग की है। सामाजिक संगठनों ने भी इस कृत्य की निंदा करते हुए पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार गरीबों और असहायों के सहारे के लिए योजनाएं बनाती है, लेकिन सरकारी पदों पर बैठे कुछ लोग उनके साथ अत्याचार करने से नहीं चूकते। अगर इन महिलाओं के पास रहने का ठिकाना होता तो वे रेलवे प्लेटफॉर्म पर जीवन बिताने को मजबूर नहीं होतीं।

वीडियो वायरल होने के बाद अब रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस के लिए यह मामला चुनौती बन गया है। क्षेत्रीय जनता की एक ही मांग है— दोषी स्टेशन मास्टर पर शीघ्र कठोर कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई अधिकारी गरीबों के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार करने की हिम्मत न जुटा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!