

निवाड़ीजिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे के निर्देशन में जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती सरिता अग्रवाल द्वारा 18 दिसंबर 2025 को शासकीय उचित मूल्य दुकान, लड़वारी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दुकान बंद पाई गई। साथ ही दुकान के विक्रेता गौरी शंकर एवं प्रबंधक श्री रामसहाय चतुर्वेदी मौके पर अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के समय दुकान संचालन से संबंधित कोई वैध कारण प्रस्तुत नहीं किया गया।
जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा उक्त कृत्य को मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2015 का उल्लंघन मानते हुए दुकान के प्रबंधक रामसहाय चतुर्वेदी एवं विक्रेता गौरी शंकर की प्रतिभूति राशि राजसात कराए जाने हेतु कार्यवाही प्रस्तावित की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में लापरवाही एवं नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जा सके।








