
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। ग्राम पंचायत महोबरा में मनरेगा फर्जीवाड़ा कागजों में 80 मजदूरों की फर्जी हाजिरी, मौके पर सन्नाटा।।
⭐सीधे बोलने से बचे प्रधान, इशारों में ब्लॉक पर कार्यालय की भूमिका को ओर संकेत।
⭐ ब्लॉक स्तर की कार्यप्रणाली से आप भली-भांति परिचित हैं – ग्राम प्रधान
⭐धरातल पर नहीं कोई काम केवल रजिस्टर में 80 मज़दूरों की दर्ज हो रही हाजिरी।
⭐पिच सड़क से डड़वा होते हुए राज करन के घर तक सड़क के दोनों तरफ पटरी निर्माण कार्य।
⭐पुतसर पिच सड़क से गोविंद के घर तक सड़क के दोनों तरफ पटरी निर्माण कार्य।
⭐प्रधान ने प्रत्यक्ष टिप्पणी से परहेज किया,मामले की पुष्टि अब सक्षम प्राधिकारी की जांच के बाद।
शनिवार 17 जनवरी 26, उत्तर प्रदेश।
संतकबीर नगर।। जनपद में मनरेगा में बढ़ता भ्रष्टाचार जनता के भरोसे को गहरा आघात पहुँचा रहा है। फर्जी मस्टररोल, कागजी मजदूर और प्रभावशाली तत्वों की मिलीभगत से योजना अंदर तक खोखली हो चुकी। हालात ऐसे कि पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे मूल सिद्धांत पीछे छूटते दिख रहे। इसी अव्यवस्था का असर सरकारी कामकाज की निष्पक्षता पर साफ नजर आ रहा,और विकास कार्यों की रफ्तार लगातार मंद पड़ती जा रही है।
प्राप्त समाचार के अनुसार – नाथनगर विकास खंड के ग्राम पंचायत महोबरा में मनरेगा हेरा-फेरी थमनें का नाम नहीं ले रहा है खुलासा हुआ है ग्राम पंचायत महोबरा में 80 मनरेगा मजदूरों की उपस्थिति केवल कागजों में दर्ज हो रही है,जबकि धरातल पर कोई मजदूर काम करते नहीं मिले मीडियाकर्मियों ने पिच सड़क से डड़वा होते हुए राज करन के घर तक और पुतसर पिच सड़क से गोविंद के खेत तक पीडब्ल्यूडी सड़क के दोनों तरफ पटरी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। लेकिन दोनों जगहों पर 80 श्रमिकों की कागज में फर्जी हाजिरी दिख रही थी, जबकि कोई कार्यवाही नहीं हो रही थी। प्रधान, रोजगार सेवक और सचिव कथित रूप से धन के बंदरबांट की तैयारी में हैं, लेकिन संबंधित साइट पर कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है। उक्त प्रकरण में ग्राम प्रधान से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने स्वयं को आरोपों से अलग रखते हुए ब्लॉक कार्यालय की कार्यप्रणाली का उल्लेख किया और केवल कहा, ब्लॉक स्तर की कार्यप्रणाली से आप भली-भांति परिचित हैं। प्रधान द्वारा प्रत्यक्ष आरोप से परहेज किए जाने के कारण प्रकरण से जुड़े तथ्यों की पुष्टि अब सक्षम प्राधिकारी की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

















