
🚨 सहारनपुर से बड़ी खबर — भाजपा नेता के पिता की गोली मारकर हत्या, नकुड़ क्षेत्र में मचा हड़कंप! 🚨
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)।
थाना नकुड़ के अंतर्गत अंबेहटापीर चौकी क्षेत्र के गांव टिडोली में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। गांव के रहने वाले धर्म सिंह, जो भाजपा नेता सुशील कोरी के पिता बताए जा रहे हैं, की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात उस वक्त हुई जब धर्म सिंह रात में अपने घेर में सोए हुए थे।
गोली की आवाज सुनते ही घरवालों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, धर्म सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना नकुड़ पुलिस, अंबेहटापीर चौकी इंचार्ज, और पुलिस क्षेत्राधिकारी नकुड़ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें।
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। आसपास के ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। बताया जा रहा है कि मृतक धर्म सिंह गांव में सम्मानित व्यक्ति थे और उनके पुत्र सुशील कोरी भाजपा से सक्रिय राजनीति में जुड़े हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच हर एंगल से की जा रही है। प्राथमिक जांच में मामला रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल पाएगा।
एसपी देहात और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने कहा — “दोषी चाहे जो भी हो, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
इस वारदात से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में गांव पहुंच रहे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
✍️ ब्यूरो रिपोर्ट – एलिक सिंह
संपादक / ब्यूरो चीफ – वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
📍 सहारनपुर, उत्तर प्रदेश
📞 821755408












