
सूर्य उपासना एवं सम्राट विक्रमादित्य नाट्य का आयोजन पीजी कॉलेज
सूर्योपासना और महानाट्य से जीवंत हुआ विक्रमादित्य का शौर्य
खरगोन में हर्षोल्लास के साथ मना भारतीय नववर्ष
खरगोन 19 मार्च 2026। भारतीय नववर्ष विक्रम सम्वत् 2083 के शुभारंभ अवसर पर आज पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में कोटी सूर्योपासना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन ‘सृष्टि आरंभ दिवस’, ‘वर्ष प्रतिपदा’ तथा ‘विक्रम सम्वत् 2083’ के शुभारंभ के पावन अवसर पर केंद्र और राज्य सरकार के विज़न ‘भारत वर्ष के नव जागरण और विकास की सतत यात्रा’ को समर्पित था।
‘सम्राट विक्रमादित्य’ के नाट्य मंचन ने जीता दिल
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सम्राट विक्रमादित्य’ के जीवन और न्यायप्रिय शासन पर केंद्रित एक भव्य महानाट्य का मंचन रहा। यह प्रस्तुति ‘केशव लीला एजुकेशन एण्ड वेलफेयर सोसायटी, उज्जैन’ के कलाकारों द्वारा दी गई। नाटक में सम्राट विक्रमादित्य की वीरता, ज्ञान और लोक-कल्याणकारी विज़न को जीवंत किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस ‘आदर्श नाट्य प्रस्तुति’ ने भारतीय संस्कृति और इतिहास की गौरवशाली गाथा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
युवाओं को मिली गौरवशाली इतिहास की जानकारी
नई पीढ़ी को भारतीय काल-गणना और सांस्कृतिक महत्व से जोड़ने के लिए कार्यक्रम के दौरान “भारत का नववर्ष विक्रम सम्वत्” पुस्तिका का वितरण किया गया।
सम्राट विक्रमादित्य का काल था भारत का स्वर्ण युग: श्री पाटीदार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने संबोधित करते हुए सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “आज का दिन हमारे लिए गर्व का विषय है क्योंकि हम उस महान सम्राट विक्रमादित्य के नाम से जुड़े विक्रम सम्वत् का शुभारंभ मना रहे हैं, जिनके काल को भारत का स्वर्ण युग कहा जाता था।” उन्होंने महाकवि कालिदास की रचनाओं और उस समय के उन्नत विज्ञान व भूगोल का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे प्राचीन भारत ज्ञान और शक्ति के क्षेत्र में दुनिया का ‘विश्वविद्यालय’ था।
विधायक श्री पाटीदार ने अपने संबोधन में कहा कि मुगलों और अंग्रेजों की लगभग 875 वर्षों की गुलामी के दौरान हमने अपना बहुत कुछ खो दिया, लेकिन आज आजादी के अमृत काल में भारत पुनः विश्व पटल पर सिरमौर बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान में भारत की आर्थिक विकास दर दुनिया में सर्वाधिक है और देश रक्षा व कृषि जैसे क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनकर दुनिया का नेतृत्व कर रहा है।
विधायक श्री पाटीदार ने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि आने वाले 25 वर्षों में हमें भारत को एक समृद्ध और शक्तिशाली राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा, “जैसे सूर्य पूरे संसार को प्रकाशित करता है, वैसे ही भारत का ज्ञान और प्रकाश पूरी दुनिया में फैले, यही हमारा संकल्प होना चाहिए।” संबोधन के अंत में उन्होंने ‘भारत माता’ और ‘नर्मदा मैया’ के जयघोष के साथ क्षेत्र की समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुबाई तंवर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी, जिला पंचायत सीईओ श्री मिलिंद कुमार नागदेवे, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रताप कुमार अगास्या, नगर पालिका सीएमओ सुश्री कमला कौल, कार्यक्रम समन्वयक तकनीकी सहायक श्री नीरज अमझरे सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र छात्राएं व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






