सिंगरौली: पीएम एक्सीलेंस कॉलेज बैढ़न में कमिश्नर रीवा ने किया युवा संवाद।

सिंगरौली: पीएम एक्सीलेंस कॉलेज बैढ़न में कमिश्नर रीवा ने किया युवा संवाद।
उपलब्ध समय एवं संसाधनों का सदुपयोग कर निर्धारित लक्ष्य हासिल करें- कमिश्नर
विद्यार्थियों की सफलता की नींव हैं शिक्षक, आपकी मेहनत से मजबूत होगा देश का भविष्य- कमिश्नर
सिंगरौली: रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह ने पीएम एक्सीलेंस कॉलेज, बैढ़न में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री गौरव बैनल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघप्रिय एवं क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक श्री महेन्द्र मणि द्विवेदी उपस्थित रहे।युवा संवाद कार्यक्रम में कमिश्नर एवं कलेक्टर का स्वागत करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य श्री आर.के. झा ने कॉलेज में 17 जुलाई से संचालित एमपीपीएससी कोचिंग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोचिंग के माध्यम से महाविद्यालय के 48 विद्यार्थी एमपीपीएससी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में एमपीपीएससी कोचिंग का संचालन एक सराहनीय पहल है। इसके माध्यम से विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर प्रशासनिक सेवाओं में जाने का लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उपलब्ध अवसरों का पूरी गंभीरता एवं लगन के साथ लाभ उठाएं। उन्होंने कोचिंग के बेहतर संचालन के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें एवं उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश महाविद्यालय प्रबंधन को दिए।
कमिश्नर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करें। गुरु द्वारा दिया गया ज्ञान जीवन की कठिन परिस्थितियों में मार्गदर्शन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि देश तभी मजबूत होगा, जब देश का युवा स्वस्थ, शिक्षित एवं जागरूक होगा। विद्यार्थियों से अपनी जीवनशैली में अच्छी आदतों को शामिल करने, सकारात्मक सोच रखने, नशे से दूर रहने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने महाविद्यालय के शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन देना केवल आपका शासकीय दायित्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता एवं सीखने की गति अलग-अलग होती है। इसलिए विद्यार्थियों से नियमित संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाएं और उन्हें लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कोचिंग में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पूरे मनोयोग से कराने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आपकी मेहनत एवं सेवाओं से समाज और देश को सक्षम एवं योग्य युवा मिलेंगे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने कहा कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बैढ़न स्थित महाविद्यालय के साथ-साथ गनियारी में नवनिर्मित हो रहे पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों को आधुनिक लाइब्रेरी सहित सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम की सुविधा उपलब्ध होगी। युवा संवाद के दौरान अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम सिंगरौली श्री सुरेश जाधव, तहसीलदार श्रीमती सविता यादव, श्रीमती प्रीति सिकरवार सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







