पीएम नरेंद्र मोदी ने दी आजीवन मुफ्त रेल यात्रा की सौगात…. इनको मिलेगा लाभ

इंदौर / तेजकुमार जारवाल /वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़/ जिला रिपोर्टर, इंदौर, मध्य प्रदेश
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़ / केंद्र सरकार ने देश की रक्षा में अदम्य साहस और वीरता का प्रदर्शन करने वाले सैनिकों के लिए बड़ी सुविधा का ऐलान किया है। 1 नवंबर 2026 से वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को भारतीय रेल में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस सुविधा का लाभ पात्र सैनिकों के साथ उनके जीवनसाथी को भी मिलेगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सेना पदक, नौसेना पदक और वायु सेना पदक (वीरता) से सम्मानित सैनिक इस सुविधा के पात्र होंगे। इसका उद्देश्य वीरता पुरस्कार विजेताओं और उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाना है। जीवनसाथी को भी मिलेगा लाभ
सरकार की इस व्यवस्था में केवल वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिक ही नहीं, बल्कि उनके जीवनसाथी को भी शामिल किया गया है। यदि किसी लाभार्थी की पत्नी या पति की मृत्यु हो जाती है, तो विधवा या विधुर को यह सुविधा पुनर्विवाह तक जारी रहेगी। इसके अलावा, ऐसे सैनिक जिन्हें अविवाहित होने की स्थिति में मरणोपरांत वीरता पुरस्कार प्रदान किया गया है, उनके माता-पिता को भी इस सुविधा के दायरे में रखा गया है। इन रेल श्रेणियों में कर सकेंगे यात्रा
पात्र लाभार्थियों को भारतीय रेल की चुनिंदा श्रेणियों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इनमें प्रथम श्रेणी, द्वितीय वातानुकूलित (AC-2) श्रेणी और एसी चेयर कार शामिल हैं। जिसका लाभ वो जिंदगीभर उठा सकते हैं। ऑनलाइन होगा पंजीकरण
रक्षा मंत्रालय ने इस सुविधा के लिए प्रक्रिया को डिजिटल और पेपरलेस रखने की व्यवस्था की है। पात्र लाभार्थियों को सबसे पहले भारतीय रेलवे रियायत कार्ड पोर्टल (IRCCP) पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के बाद संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन और प्रमाणीकरण किया जाएगा। प्रक्रिया पूरी होने पर पात्र लाभार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक यात्रा पास ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। इन पास के आधार पर 1 नवंबर 2026 से IRCCP के वेब पोर्टल के जरिए टिकट बुक किए जा सकेंगे।
कागजी प्रक्रिया से मिलेगी राहत
नई डिजिटल व्यवस्था से पात्र सैनिकों और उनके परिवारों को यात्रा सुविधा हासिल करने के लिए कागजी दस्तावेजों और अतिरिक्त औपचारिकताओं से राहत मिलने की उम्मीद है। ऑनलाइन पंजीकरण से लेकर इलेक्ट्रॉनिक पास जारी करने तक पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने से सुविधा का लाभ लेना आसान होगा।
वीर सैनिकों और परिवारों के सम्मान पर जोर
रक्षा मंत्रालय की इस पहल का उद्देश्य केवल मुफ्त रेल यात्रा उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि देश की सुरक्षा के लिए असाधारण साहस और बलिदान देने वाले सैनिकों तथा उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करना भी है। कई वीर सैनिकों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। ऐसे में उनके परिवारों के योगदान और त्याग को भी इस व्यवस्था में महत्व दिया गया है। डिजिटल प्रक्रिया के जरिए सरकार ने पात्र लाभार्थियों तक इस सुविधा को सरल तरीके से पहुंचाने की व्यवस्था की है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







