गांधी जयंती पर स्वच्छता श्रमदान, 10 सफाई मित्रों और द रिसेट फाउंडेशन का सम्मान*

पाली, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर नगर निगम पाली की ओर से शहीद उद्यान स्थित दांडी मार्च स्थल एवं शहीद स्मारक परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर नमिता बुबकिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बजरंग सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर, आयुक्त देवीलाल बौचल्या, उपमहापौर मेहबूब, सुनील भंडारी एवं नवनिर्वाचित पार्षदों ने गांधी मूर्ति सर्किल स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इसके बाद शहीद उद्यान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। नगर निगम आयुक्त के कक्ष में विशेष बैठक आयोजित कर शहर के ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़े विषयों तथा ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 की जानकारी दी गई।
शहीद उद्यान परिसर में करीब दो घंटे तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने श्रमदान कर उद्यान में फैले कचरे, प्लास्टिक एवं सूखे पत्तों को एकत्रित कर उनका निस्तारण किया तथा परिसर की साफ-सफाई की।
नगर निगम की ओर से शहर में चिन्हित पांच कचरा संवेदनशील स्थलों की सफाई कर उन्हें स्वच्छ स्थलों में परिवर्तित किया गया। इन स्थानों पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। साथ ही
नगरवासियों को घर-घर जाकर गीला कचरा, सूखा कचरा, सेनेटरी वेस्ट एवं ई-वेस्ट को अलग-अलग रखने तथा चार डस्टबिन प्रणाली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 सफाई मित्रों एवं द रिसेट फाउंडेशन को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता (यां.) कलीम असरफ, अधिशाषी अभियंता (वि.) जितेन्द्र सोनी, स्वास्थ्य निरीक्षक प्रथम लोकेश जैन, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक दिलीप कुमार सहित स्वास्थ्य निरीक्षक, जमादार एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







