अनुमंडलीय अस्पताल नगर ऊंटरी में श्रद्धा से मनाई गई गांधी जयंती

श्री बंशीधर नगर। प्रखंड अनुमंडलीय अस्पताल नगर ऊंटरी में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रपिता के जीवन, संघर्ष और उनके आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत उपाधीक्षक डॉ. गोखुल प्रसाद और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुशल कांत ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों ने बारी-बारी से गांधी जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान गांधी जी के विचारों और उनके सामाजिक सरोकारों पर चर्चा की गई।
मौके पर उपाधीक्षक डॉ. गोखुल प्रसाद ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, प्रेम और सादगी के माध्यम से न केवल देश को स्वतंत्रता आंदोलन में नई दिशा दी, बल्कि समाज को आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। उनके विचारों को केवल जयंती समारोह तक सीमित रखने के बजाय अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में उतारने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता, आपसी सहयोग, सामाजिक समरसता और जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे कार्य गांधी जी के विचारों को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। स्वास्थ्य संस्थानों में भी सभी कर्मियों को मिलकर सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाने तथा समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर उपाधीक्षक डॉ. गोखुल प्रसाद, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुशल कांत, प्रधान लिपिक राजेश कुमार सिन्हा, डाटा मैनेजर अनुरंजन कुमार पाण्डे, एसटीएस सुनील कुमार, एमपीडब्ल्यू अशफ़ाक़ अहमद, लिपिक अंकित गुप्ता, गरिमा तिर्की, अर्चना कुमारी एवं खुशबू कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







