नूह जेल मे बंदियो को कौशल विकास के महत्व एवं रोजगार की संभावना के बारे में दी जानकारी

जेल मंत्री के निर्देशानुसार जेलों में बंदियों के पुनर्वास एवं सुधार की दिशा में नई पहल
जिला जेल नूंह में बंदियों को कौशल विकास के महत्व एवं रोजगार की संभावनाओं के बारे में दी जानकारी
नूंह, 3 अक्टूबर।किसी भी सभ्य समाज का निर्माण उसकी सकारात्मक सोच और दृष्टिकोण पर निर्भर करता है। प्रदेश के जेल मंत्री अरविंद शर्मा के प्रयासों से प्रदेश की जेलों में बंदियों एवं कैदियों के सुधार एवं पुनर्वास के लिए जेल विभाग द्वारा निरंतर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी मुहिम के तहत जिला जेल नूंह में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रीजमस्टार्ट इंडिया फाउंडेशन के निदेशक जैज एवं रोजी चीतल ने जेल के बंदियों को कौशल विकास के महत्व, इसके लाभ तथा भविष्य में रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास बंदियों के पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विभिन्न प्रकार के कौशल सीखकर बंदी जेल से बाहर जाने के बाद समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकते हैं और सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन व्यतीत कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से बंदियों को विभिन्न प्रकार के कौशल सिखाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बंदियों के लिए रोजगार की व्यवस्था करने में भी सहयोग किया जाता है, ताकि जेल से बाहर आने के बाद वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानपूर्वक अपना जीवन व्यतीत कर सकें। जैज एवं रोजी चीतल ने बताया कि वे इंग्लैंड की जेलों में भी कैदियों के पुनर्वास एवं सुधार के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंदियों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना इस मुहिम का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
जिला जेल नूंह में चलाई जा रही सुधार एवं पुनर्वास की इस मुहिम को सफल बनाने में जेल अधीक्षक बिमला देवी, उप अधीक्षक सत्यभान एवं हिमांशु चौधरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जेल अधीक्षक बिमला देवी ने कहा कि बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास के लिए इस प्रकार की गतिविधियां समाज को सकारात्मक दिशा देने में अहम योगदान देती हैं। उन्होंने कहा कि बंदियों को कौशल प्रशिक्षण एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें भविष्य में सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए तैयार किया जा सकता है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






