जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला प्रेस स्थाई समिति की बैठक संपन्न पत्रकारों की समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण तथा प्रशासन-मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर हई सार्थक चचो

रिपोर्टर समसुद्दीन अली शेख, हमीरपुर
दिनांक: 07 अक्टूबर 2026
*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला प्रेस स्थाई समिति की बैठक संपन्न*
*पत्रकारों की समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण तथा प्रशासन-मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर हुई सार्थक चर्चा*
हमीरपुर। शासन के निर्देशों के क्रम में पत्रकारों एवं जिला प्रशासन के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने, पत्रकारों से संबंधित समस्याओं एवं प्रकरणों का निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा जनहित के विषयों पर प्रशासन और मीडिया के बीच प्रभावी संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार की अध्यक्षता में जिला प्रेस स्थाई समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में हुई, जिसमें पत्रकारों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने सुझाव एवं विचार रखे गए।
बैठक में पत्रकारों ने जिला प्रेस स्थाई समिति के उद्देश्यों एवं उसकी भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि पत्रकारों से संबंधित किसी भी शिकायत, विवाद अथवा उत्पीड़न के प्रकरण में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। इस संबंध में सुझाव दिया गया कि किसी पत्रकार के विरुद्ध प्राप्त शिकायत अथवा प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई से पूर्व, जहां समिति के स्तर पर विचार किया जाना अपेक्षित हो, वहां प्रकरण को जिला प्रेस स्थाई समिति के संज्ञान में लाकर तथ्यों की निष्पक्षता से जांच एवं परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। पत्रकारों ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति, अस्पतालों में मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधाओं के लिए आवागमन के रास्तों को सुगम बनाने तथा जनहित से जुड़े अन्य विषयों की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।
जिलाधिकारी ने पत्रकारों द्वारा रखे गए सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि मीडिया प्रशासन और समाज के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाता है तथा वास्तविक परिस्थितियों को प्रशासन के संज्ञान में लाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाए तथा शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी समाचार अथवा खबर में यदि प्रशासनिक या शासकीय पक्ष अपेक्षित हो तो संबंधित अधिकारी समयबद्ध रूप से तथ्यात्मक पक्ष/वर्जन उपलब्ध कराएं, ताकि मीडिया के माध्यम से जनता तक सही, संतुलित एवं तथ्यपरक जानकारी पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में मीडिया द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से लिया जाए और आवश्यकतानुसार संबंधित विभाग तत्काल तथ्य उपलब्ध कराते हुए की गई कार्रवाई से अवगत कराएं।
उन्होंने बताया कि जनसामान्य की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए सभी जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों को नियमित रूप से जनसुनवाई करने तथा इसके उपरांत क्षेत्र में भ्रमण कर जमीनी स्तर पर समस्याओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने और उनका पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजने मात्र तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनके निस्तारण की प्रभावी निगरानी भी की जाए।
जिलाधिकारी ने प्रशासन एवं मीडिया के बीच निरंतर संवाद को आवश्यक बताते हुए कहा कि विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जनसमस्याओं से जुड़े विषयों पर तथ्यपरक सूचनाओं का आदान-प्रदान बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था में सहायक होता है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि पत्रकारों द्वारा उठाए गए जनहित के उचित विषयों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा कार्रवाई की तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने में अनावश्यक विलंब न किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री विजय सिंह, उप पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह, जिला सूचना अधिकारी श्री सतीश कुमार तथा जिला प्रेस स्थाई समिति के सदस्य श्री यतीश चन्द्र शुक्ला (दैनिक आज), श्री अनिल सोनी (दैनिक रेडिकल टाइम्स), श्री प्रेमदत्त दीक्षित (दैनिक दोआबा वार्ता), श्री पंकज मिश्रा (दैनिक राष्ट्रीय स्वरूप) एवं विशेष आमंत्रित सदस्य श्री मनोज त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





