फूलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 75 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, 47 मुकदमे दर्ज

फूलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 75 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, 47 मुकदमे दर्ज
आजमगढ़। फूलपुर पुलिस और विशेष अपराध नियंत्रण टीम ने गोवध गिरोह से जुड़े गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान पुत्र फिरोज और सज्जाद पुत्र अजीज, निवासी पीठापुर, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। सलमान पर 25 हजार रुपये और सज्जाद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, सलमान के खिलाफ 36 और सज्जाद के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ जिलाधिकारी द्वारा अनुमोदित गैंग चार्ट के आधार पर 5 जून 2026 को थाना फूलपुर में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में दोनों आरोपी वांछित चल रहे थे।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुबह करीब 11:35 बजे सतुवहिया पुलिया से कुछ पहले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोवध की गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में विभिन्न जनपदों में मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अजीज खान, कांस्टेबल महेंद्र कुमार सरोज, विनोद कुमार यादव तथा विशेष अपराध नियंत्रण टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक सच्चिदानंद, कांस्टेबल श्रेष्ठ कुमार यादव और आनंद मौर्य शामिल रहे।
रिपोर्ट: सुरेश कुमार धारिया | जिला पत्रकार, उत्तर प्रदेश
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






