पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के अंतर्गत थाना मॉडल टाउन तथा चौकी गोकुल गेट

पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के अंतर्गत थाना मॉडल टाउन तथा चौकी गोकुल गेट पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग बच्चों को सकुशल ढूंढकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है।
पहला मामला: पंजाब से घर छोड़कर आए नाबालिग को सकुशल परिजनों को सौंपा
पहले मामले में, अभय सिंह चौक पर यातायात ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को आज सुबह करीब 9 बजे एक नाबालिग लड़का लावारिस हालत में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत बच्चे को अपनी सुरक्षा में लिया और उससे आत्मीयता से पूछताछ की। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह पंजाब का रहने वाला है और अपने घरवालों से नाराज होकर घर से निकल आया है। ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत बच्चे को आगामी कार्रवाई हेतु थाना मॉडल टाउन पुलिस के हवाले किया। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने बिना समय गंवाए बच्चे के परिजनों को तुरंत सूचित किया। शाम करीब 5:00 बजे थाना मॉडल टाउन पुलिस ने नाबालिग लड़के को सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।
दूसरा मामला: बाजार में बिछड़ी 3 साल की मासूम को आधे घंटे में माता-पिता से मिलवाया
इसी प्रकार एक अन्य मामले में, चौकी गोकुल गेट पुलिस को सूचना मिली कि पंजाबी मार्केट में एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची लावारिस हालत में भटक रही है। सूचना मिलते ही चौकी गोकुल गेट पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्ची को अपनी सुरक्षा में लिया और बाजार व आसपास के क्षेत्र में उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम के त्वरित प्रयासों से कुछ ही देर में बच्चे के माता-पिता को ढूंढ लिया गया। पूछताछ करने पर पता चला कि बच्चे के परिजन बांदीकुई (राजस्थान) के निवासी हैं, जो बाजार में खरीदारी करने आए थे। खरीदारी के दौरान ही मासूम घूमते-फिरते अचानक उनसे अलग हो गयी थी। गोकुल गेट पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर मासूम बच्ची को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
अपने बच्चों को सही-सलामत पाकर दोनों परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। परिजनों ने रेवाड़ी पुलिस की इस त्वरित व मानवीय कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
रेवाड़ी ( सुरेश सिहाग)पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने दोनों पुलिस टीमों के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए आमजन से अपील की है कि बाजारों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें। यदि कहीं भी कोई लावारिस या भटका हुआ बच्चा दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने, चौकी या डायल 112 पर दें।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






